बिल्थरारोड के सोनाडीह फीडर की बदहाल बिजली व्यवस्था से जनता बेहाल, जिम्मेदार बेपरवाह!




बिल्थरारोड/बलिया:
बिजली संकट से जूझ रहा है बिल्थरारोड क्षेत्र का सोनाडीह फीडर! क्षेत्र की हजारों जनता इन दिनों बिजली की बदहाली को लेकर खासा परेशान है। जानकारी के अनुसार, आए दिन बिजली का ट्रिप होना, घंटों गुल रहना और ओवरलोडिंग की वजह से सप्लाई ठप हो जाना अब आम बात हो गई है।

उमस भरी गर्मी में  बिजली का यूं लापता हो जाना आम जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर रहा है। कुछ मोहल्लों में तो हालत यह है कि पूरे दिन में बमुश्किल 3–4 घंटे ही बिजली मिल पा रही है।

स्थानीय निवासी और पूर्व सभासद समेत कई लोगों ने मीडिया से बातचीत में बताया कि उन्होंने बार-बार शिकायत की, लेकिन न बिजली विभाग जागा और न ही कोई स्थायी समाधान सामने आया।

इस मुद्दे को लेकर स्थानीय विधायक हंसू राम ने हाल ही में एक बैठक में इस समस्या को प्रमुखता से उठाया था, लेकिन ज़मीनी हकीकत अब भी जस की तस है।

लोगों का साफ कहना है कि गर्मी में बिजली न होना अब एक सजा बन चुकी है। न बच्चों की पढ़ाई हो पा रही, न घरों में चैन से रहने की सुविधा है और न ही छोटे व्यवसायी अपनी रोजी-रोटी चला पा रहे हैं।

अब सवाल यह है — कब सुधरेगी सोनाडीह फीडर की बिजली व्यवस्था? और क्या जनता को यूं ही अंधेरे में जीने के लिए मजबूर किया जाता रहेगा !

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *