जेईई एडवांस में बिल्थरारोड के विश्वजीत ने हासिल की शानदार सफलता, देशभर में पाया 17281वां स्थान

बिल्थरारोड विधानसभा के बभनियाव गांव का नाम एक बार फिर गर्व से लिया जा रहा है। यहां के निवासी श्री कृष्ण यादव के सुपौत्र और उत्तर प्रदेश पुलिस में कार्यरत कांस्टेबल श्री संतोष यादव के पुत्र विश्वजीत यादव ने जेईई एडवांस 2025 परीक्षा में 17281वीं रैंक प्राप्त कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है।
विश्वजीत एक मेधावी छात्र रहे हैं। उन्होंने अपनी प्रारंभिक शिक्षा नवोदय विद्यालय, महराजगंज से प्राप्त की। इसके बाद 12वीं की पढ़ाई बिल्थरारोड के एक प्रतिष्ठित निजी इंटरमीडिएट कॉलेज से पूरी की। आगे की तैयारी के लिए वे कोटा गए, जहां उन्होंने एक नामचीन संस्थान से जेईई की कठिन परीक्षा की तैयारी की।
इनकी सफलता केवल परिवार के लिए ही नहीं, बल्कि पूरे गांव और क्षेत्र के लिए गर्व का विषय है। उनके पिता वर्तमान में उत्तर प्रदेश पुलिस विभाग में तैनात हैं, और उनके दादा भी इसी सेवा से सेवानिवृत्त हो चुके हैं। परिवार की यह पृष्ठभूमि अनुशासन और समर्पण की मिसाल है, जिसका प्रभाव विश्वजीत के जीवन में साफ़ दिखाई देता है।
विश्वजीत की इस उपलब्धि पर पूरे गांव में हर्ष का माहौल है। परिजन, शिक्षक, और ग्रामीण जन उन्हें बधाई दे रहे हैं और उनके उज्जवल भविष्य की कामना कर रहे हैं।
