राज्य स्तरीय आर्म रेसलिंग प्रतियोगिता में बलिया के जांबाज़ों का जलवा, दो खिलाड़ियों का राष्ट्रीय चयन





लखनऊ के चौक स्थित नेहरू युवा केंद्र में 14 व 15 मई को आयोजित दो दिवसीय उत्तर प्रदेश राज्य स्तरीय आर्म रेसलिंग प्रतियोगिता में बलिया जिले के खिलाड़ियों ने दमदार प्रदर्शन कर जिले का नाम रोशन किया। इस आयोजन में प्रदेश के विभिन्न जिलों से 200 से अधिक खिलाड़ियों ने भाग लिया, जिनमें लखनऊ, मुरादाबाद, कानपुर, बलिया, गोरखपुर, झांसी, अमरोहा, चंदौली सहित कई ज़िले शामिल रहे।
प्रतियोगिता का उद्घाटन आर्म रेसलिंग एसोसिएशन ऑफ उत्तर प्रदेश के अध्यक्ष मनोज वर्मा, महासचिव शाहवेज़ अली, जिला सचिव पारुल मिश्रा और देवाशीष जी के करकमलों द्वारा हुआ।
बलिया की ओर से तीन खिलाड़ियों ने भाग लिया और सभी ने पदक जीतकर जिले को गौरवान्वित किया।
- अरुण राजभर ने जूनियर बालक 55 किलो भार वर्ग में दोनों हाथों से खेलते हुए दोहरी स्वर्ण पदक जीतकर प्रतियोगिता में परचम लहराया।
- सिद्धांत कुमार ने शानदार प्रदर्शन करते हुए रजत पदक हासिल किया।
- सुमंत कुमार ने 65 किलो भार वर्ग में कांस्य पदक अपने नाम किया।
इस उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर बलिया के दो खिलाड़ियों का चयन आगामी राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता, जो पंजाब में आयोजित होगी, के लिए किया गया है।
प्रतियोगिता में बलिया के प्रशिक्षक उदित राज गुप्ता और राज्य स्तरीय रेफरी अर्शिल अयाज़ ने भी अपनी अहम भूमिका निभाकर टीम का मार्गदर्शन किया।
