सिकंदरपुर: लीलकर गांव में युवक की चाकू से हत्या, पुलिस की तत्परता से आरोपियों पर मुकदमा दर्ज
बलिया जनपद के सिकंदरपुर थाना क्षेत्र के लीलकर गांव में बुधवार रात को एक दिल दहला देने वाली घटना में एक युवक की चाकूबाजी में मौत हो गई। मृतक की पहचान प्रमोद गोंड़ (पुत्र विनोद गोंड़) के रूप में हुई है। घटना के बाद गांव में मातम का माहौल है, वहीं पुलिस की सक्रियता से हालात काबू में हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बुधवार रात प्रमोद गांव के ही विपिन वर्मा के साथ स्कूल में खेलने गया था। इसी दौरान दोनों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। बताया जा रहा है कि विपिन पहले घर गया और थोड़ी देर बाद लौटकर प्रमोद पर चाकू से हमला कर दिया।
गंभीर रूप से घायल प्रमोद को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिकंदरपुर लाया गया, जहां से डॉक्टरों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। हालत बिगड़ने पर परिजन उसे वाराणसी ले गए, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
गुरुवार सुबह जैसे ही गांव में प्रमोद की मौत की खबर पहुंची, पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। इकलौते पुत्र की मौत से मां बबीता देवी बेसुध हो गईं, जबकि छोटी बहन का रो-रोकर बुरा हाल है।
घटना की सूचना मिलते ही सिकंदरपुर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभालते हुए गांव में सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस बल तैनात कर दिया। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए मृतक की मां बबीता देवी की तहरीर पर दो युवकों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है।
पुलिस प्रशासन की सक्रियता और संवेदनशीलता से गांव में शांति बनी हुई है। अधिकारियों ने भरोसा दिलाया है कि मामले की गहराई से जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
