न्यू सेंट्रल पब्लिक एकेडमी में बाल मेले की धूम, बच्चों ने स्टॉल लगाकर दिखाई अपनी प्रतिभा
बिल्थरा रोड, बलिया। न्यू सेंट्रल पब्लिक एकेडमी के प्रांगण में शनिवार को बाल दिवस के अवसर पर भव्य बाल मेले का आयोजन किया गया। मेले में बच्चों ने विभिन्न प्रकार के आकर्षक स्टॉल लगाकर अपनी रचनात्मकता, प्रतिभा और प्रबंधन कौशल का शानदार प्रदर्शन किया। पूरे विद्यालय परिसर में उत्साह और उल्लास का माहौल रहा।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि तहसीलदार राजू कुमार ने कहा कि बाल दिवस बच्चों के मनोरंजन के साथ उनके मानसिक एवं बौद्धिक विकास का भी महत्वपूर्ण अवसर है। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन बच्चों के अंदर छिपी प्रतिभा को निखारने में अहम भूमिका निभाते हैं। मेले में लगे खेलकूद, खान-पान और मनोरंजन के स्टॉल देखकर उन्होंने प्रसन्नता व्यक्त की और कहा कि इस आयोजन ने उन्हें अपने बचपन की याद दिला दी।
विशिष्ट अतिथि आम आदमी पार्टी के प्रवक्ता सर्वेश मिश्रा ने बाल मेले की सराहना करते हुए विद्यालय परिवार को सफल आयोजन की बधाई दी। उन्होंने कहा कि पढ़ाई के साथ बच्चों को मनोरंजक एवं रचनात्मक गतिविधियों से जोड़ना उनके सर्वांगीण विकास के लिए आवश्यक है।
मेले में विद्यार्थियों ने स्वयं विभिन्न स्टॉलों का संचालन किया। खान-पान, खेलकूद और मनोरंजन से जुड़े स्टॉलों पर बच्चों के साथ अभिभावकों एवं अतिथियों की भी खूब भीड़ रही। इस दौरान बच्चों ने आत्मनिर्भरता, आपसी सहयोग, नेतृत्व क्षमता और व्यावहारिक ज्ञान का परिचय दिया।
विद्यालय के प्रबंधक सतीश दूबे ने अतिथियों का स्वागत करते हुए कार्यक्रम की सफलता में सहयोग देने वाले सभी लोगों के प्रति आभार जताया। वहीं प्रबंध निदेशिका मोनिका दुबे एवं प्रधानाचार्या पूनम प्रसाद ने कहा कि विद्यालय का उद्देश्य शिक्षा के साथ बच्चों में आत्मविश्वास, रचनात्मकता और नेतृत्व क्षमता का विकास करना है।
कार्यक्रम का संयुक्त संचालन आनंद श्रीवास्तव एवं जीशान ने किया। आयोजन को सफल बनाने में गौरव मिश्रा, विशाल गुप्ता, उमरा, रिजवाना, शालिनी सिंह, मंजीत, अर्सिल सहित विद्यालय के अन्य सहयोगियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। कार्यक्रम का समापन हर्षोल्लास के साथ हुआ।
