दवा लेने गए युवक से मारपीट, ₹500 का नोट फाड़ा, वाहन भी क्षतिग्रस्त; कार्रवाई की मांग




बेल्थरारोड (बलिया)। उभांव थाना क्षेत्र के सोनाडीह गांव में एक युवक के साथ मारपीट, वाहन क्षतिग्रस्त करने और ₹500 का नोट फाड़ने का मामला प्रकाश में आया है। पीड़ित युवक की मां ने उभांव थाने में तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
पीड़िता गुड्डी देवी, पत्नी स्वर्गीय सुभाष चंद्र राम ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि 11 जून की शाम उन्होंने अपने बेटे को दवा लेने के लिए सोनाडीह चट्टी भेजा था। आरोप है कि उसी दौरान गांव निवासी कल्लू खरवार शराब के नशे में वहां पहुंच गया और उनके बेटे की गाड़ी की चाबी छीन ली।
विरोध करने पर आरोपी ने युवक के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। घटना में युवक घायल हो गया तथा उसके मुंह से खून निकलने लगा। पीड़िता का आरोप है कि आरोपी ने उनके बेटे के हाथ से ₹500 का नोट छीनकर फाड़ दिया और वाहन को भी नुकसान पहुंचाया। आसपास मौजूद लोगों के हस्तक्षेप के बाद मामला शांत हुआ।
गुड्डी देवी ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपी का भाई राहुल खरवार लगातार उनके परिवार को जान से मारने की धमकी दे रहा है, जिससे पूरा परिवार भय और असुरक्षा के माहौल में जी रहा है।
पीड़िता ने पुलिस से निष्पक्ष जांच कर आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि टंगुनिया पुलिस चौकी में पिछले एक सप्ताह से दोनों पक्षों को बुलाया जा रहा है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।
इस संबंध में उभांव थाना प्रभारी दिनेश कुमार पाठक ने बताया कि मामला उनके संज्ञान में है। पीड़ित पक्ष को थाने आकर अपनी बात रखने के लिए कहा गया है तथा जांच के बाद दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
