4 करोड़ के बजट से उपखंड की विद्युत आपूर्ति सुधारने की कवायद शुरू
बिल्थरा रोड/ बलिया। स्थानीय जिला पंचायत के डाक बंगले में आज विद्युत वितरण मंडल बलिया के तत्वावधान में उपखंड अधिकारी बिल्थरा रोड अजय मिश्रा के नेतृत्व में विद्युत उपभोक्ता जनप्रतिनिधि संपर्क अभियान हेतु स्थानीय जनप्रतिनिधियों की एक बैठक संपन्न हुई।
बैठक में विद्युत से संबंधित शिकायतें व सुझाव स्थानीय जनप्रतिनिधियों से मांगे गए। विद्युत वितरण उपखंड द्वितीय के उपखंड अधिकारी (एसडीओ) अजय मिश्रा ने सरकार की मंशानुरूप स्थानीय जनप्रतिनिधियों से विद्युत उपभोक्ता जनप्रतिनिधि संपर्क अभियान में विद्युत वितरण को बेहतर बनाने हेतु सुझाव मांगा। बैठक में उपस्थित लोगों ने एक स्वर में नगर और नगर क्षेत्र से बाहर बिछ रहीं केबल की गुणवत्ता पर सवाल उठाया, वहीं नगर में रात्रि 11:00 बजे के बाद विद्युत आपूर्ति में होने वाली बाधा को दुरुस्त करने के लिए लाइनमैनों की उपलब्धता पर भी बात चली जिस पर एसडीओ श्री मिश्र ने अपनी असमर्थता जताई,
नगर क्षेत्र में कुछ नए ट्रांसफार्मर लगाए जाने की बात पर उन्होंने बताया कि जगह के अभाव के चलते नए ट्रांसफार्मर नहीं लग पा रहे हैं।
विधायक हंसुराम के प्रतिनिधि के रुप में शामिल अरबाज खान ने कहा कि सरकार के मंशानुरूप विधायक जी के पहल से गांव में ट्रांसफार्मर की क्षमता बढ़ाने पर बिजली विभाग द्वारा काम किया जा रहा है। बैठक में विभाग द्वारा सांसद प्रतिनिधि और विधायक प्रतिनिधि को कार्य योजना की प्रति सौंपी गई। बिल्थरा रोड तहसील क्षेत्र में लगभग 485.413 किलोमीटर एलटी लाइन केबल बिछाने का कार्य किया जाना है, एचटी लाइनों के तार, एलटी लाइनों के केबल, ट्रांसफार्मर आदि के लिए विद्युत उपखंड के लिए लगभग 4 करोड़ के बजट की व्यवस्था की गई है।
इस अवसर पर अवर अभियंता हरि प्रताप प्रजापति, सांसद सकलदीप राजभर के प्रतिनिधि के रुप में शामिल रामपति राजभर, विधायक प्रतिनिधि अरबाज खान, सभासद राम मनोहर गांधी, सभासद सज्जन मौर्य ,सभासद नीलेश दीपू ,कैशियर राणा प्रताप यादव, बबलू, संजय शर्मा आदि प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।

