उभाँव इंस्पेक्टर संजय शुक्ल ने मलिन बस्तियों में बांटी खुशियां, बच्चों संग खेली होली!



उभाँव /होली पर्व से एक दिन पूर्व थाना उभाव के इंस्पेक्टर संजय शुक्ल ने मानवता और सामाजिक सौहार्द की मिसाल पेश करते हुए गरीब एवं मलिन बस्तियों में रहने वाले बच्चों के बीच पहुंचकर रंग, गुलाल, मिठाई और गुझिया वितरित की।
इंस्पेक्टर शुक्ल ने बच्चों के साथ होली खेली, उनके चेहरे पर रंग लगाया और मिठाइयां खिलाकर त्योहार की खुशियां साझा कीं। अचानक पुलिस को अपने बीच पाकर बच्चे पहले तो चौंके, लेकिन जब उन्हें स्नेह और उपहार मिले तो उनके चेहरे खिल उठे।
इस अवसर पर इंस्पेक्टर संजय शुक्ल ने कहा कि होली केवल रंगों का त्योहार नहीं, बल्कि आपसी भाईचारे, प्रेम और समानता का संदेश देने वाला पर्व है। समाज के हर वर्ग तक खुशियां पहुंचें, यही पुलिस का उद्देश्य है।
स्थानीय लोगों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के कार्य समाज में सकारात्मक संदेश देते हैं और पुलिस के प्रति विश्वास को और मजबूत करते हैं।
होली से पहले इस अनूठी पहल ने यह साबित कर दिया कि जब जिम्मेदारी के साथ संवेदनशीलता जुड़ जाए, तो रंगों का त्योहार सच में सभी के लिए खास बन जाता है।
