बुलेट से फायर जैसी आवाज निकालकर दहशत फैला रहे युवक, उभाँव क्षेत्र में पुलिस को खुली चुनौती!
उभाँव (बलिया)।
उभाँव थाना क्षेत्र में इन दिनों कुछ युवकों की लापरवाही और उपद्रवी हरकतें लोगों के लिए परेशानी का कारण बनती जा रही हैं। क्षेत्र में कई युवक बुलेट मोटरसाइकिल के साइलेंसर से फायर जैसी तेज आवाज निकालते हुए सड़कों और गलियों में घूम रहे हैं, जिससे लोगों में दहशत का माहौल बन रहा है।
बताया जा रहा है कि ये युवक रात और शाम के समय तेज रफ्तार से मोटरसाइकिल दौड़ाते हुए जानबूझकर ऐसी आवाज निकालते हैं, जिससे ऐसा प्रतीत होता है मानो किसी ने फायरिंग कर दी हो। अचानक होने वाले इन धमाकों से राहगीर, बुजुर्ग और बच्चे घबरा जाते हैं। कई बार लोग घरों से बाहर निकलकर यह देखने लगते हैं कि आखिर हुआ क्या है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस तरह की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं और उपद्रवी युवक खुलेआम सड़कों पर घूमकर कानून व्यवस्था को चुनौती देते नजर आ रहे हैं। लोगों का मानना है कि अगर समय रहते इस पर सख्ती नहीं की गई तो आने वाले समय में यह समस्या और बढ़ सकती है।
क्षेत्र के नागरिकों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि ऐसे मोटरसाइकिल चालकों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए और मॉडिफाइड साइलेंसर वाली बाइकों पर विशेष अभियान चलाया जाए, ताकि आम लोगों को डर और असुरक्षा के माहौल से राहत मिल सके।
