शैक्षिक विकास के लिए ब्लॉक स्तरीय संगोष्ठी एवं उन्मुखीकरण कार्यशाला संपन्न

बिल्थरारोड। जूनियर हाई स्कूल सीयर परिसर में बृहस्पतिवार को प्रधानाध्यापक, ग्राम प्रधान, स्थानीय प्राधिकारी निकाय के सदस्यों का ब्लॉक स्तरीय संगोष्ठी एवं उन्मुखीकरण कार्यशाला का आयोजन किया गया। जिसमें शैक्षिक विकास के संबंध में चर्चा की गई। शुभारंभ एसडीएम निशांत उपाध्याय, ब्लॉक प्रमुख आलोक कुमार सिंह व खंड शिक्षा अधिकारी राकेश सिंह ने मां सरस्वती की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित व दीप प्रज्वलित कर किया। एसडीएम ने शिक्षकों को उनके दायित्व का बोध कराया। कहा कि शिक्षक गुरु के रूप में ईश्वर के समान हैं। शिक्षकों को अपने दायित्व का पूरी निष्ठा व ईमानदारी के साथ निर्वहन करना चाहिए। बीईओ राकेश सिंह ने कार्यशाला की उपादेयता पर प्रकाश डाला। ब्लॉक प्रमुख आलोक कुमार सिंह ने सभा के दौरान कुछ शिक्षकों द्वारा उठकर इधर-उधर घूमने को लेकर नाराजगी जताई। इस पर बीईओ ने शिक्षकों को फटकार लगाते हुए कहा कि इसे अनुशासनहीनता माना जाएगा। संगोष्ठी में प्रधानों व प्रधानाध्यापकों ने शैक्षिक गुणवत्ता में सुधार के बारे में चर्चा की। समारोह में शैक्षिक विकास में उल्लेखनीय कार्य करने वाले बिठुआ के प्रधान प्रतिनिधि राममनोहर गांधी, गोविंदपुर दुगौली के शक्ति सिंह व तुर्तीपार के प्रधान गीता देवी को सम्मानित किया गया। मौके पर प्रधान संघ के अध्यक्ष रामभवन यादव, आनंद सिंह, जयप्रकाश यादव, देवेंद्र वर्मा, मृदुला मौर्य, नियामत अली, सियाराम, शमीम इकबाल सिद्दीकी आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *