34 लाख की सड़क मरम्मत पर उठे सवाल, सपा नेता ने DM से मांगी जांच

टंगुनिया-टीएस बंधा मार्ग की विशेष मरम्मत में अनियमितता का आरोप, निष्पक्ष जांच की मांग

बिल्थरारोड, बलिया। टंगुनिया से टीएस बंधा तक पीडब्ल्यूडी की सड़क की विशेष मरम्मत योजना को लेकर सरकारी धन के दुरुपयोग का आरोप सामने आया है। समाजवादी पार्टी के प्रदेश सचिव एवं पूर्व जिलाध्यक्ष आद्याशंकर यादव ने जिलाधिकारी को शिकायत भेजकर पूरे मामले की जांच कराने की मांग की है।

आद्याशंकर यादव का आरोप है कि टंगुनिया से उनके दरवाजे तक सड़क की विशेष मरम्मत के लिए करीब 34 लाख रुपये स्वीकृत किए गए थे, लेकिन सड़क की अपेक्षित मरम्मत कराए बिना ही सरकारी धन के उपयोग में अनियमितता की गई। उन्होंने मामले में संबंधित ठेकेदार और विभागीय जिम्मेदारों की भूमिका की जांच की मांग की है।

सपा नेता के अनुसार, उन्होंने इस समस्या को क्षेत्रीय विधायक हंसू राम के समक्ष भी रखा था, लेकिन उनके मुताबिक आश्वासन के बावजूद सड़क की स्थिति में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ।

उन्होंने बताया कि शहीद मार्ग टंगुनिया की करीब 300 मीटर सड़क भी खराब है। इसकी शिकायत विभागीय अधिकारियों के साथ जिलाधिकारी से भी की जा चुकी है। वहीं टंगुनिया से सोनाडीह मार्ग के भी विशेष मरम्मत योजना में स्वीकृत होने के बावजूद अधूरा रहने का आरोप लगाया गया है।

आद्याशंकर यादव ने कहा कि खराब सड़कों के कारण स्थानीय लोगों और राहगीरों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने जिलाधिकारी से मांग की कि संबंधित सड़कों का स्थलीय निरीक्षण कराकर स्वीकृत धनराशि और कराए गए कार्यों का मिलान कराया जाए। साथ ही, जांच में यदि किसी प्रकार की अनियमितता प्रमाणित होती है तो संबंधित अधिकारियों और ठेकेदार के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाए।

नोट: सरकारी धन के दुरुपयोग और अनियमितता से जुड़े आरोप शिकायतकर्ता द्वारा लगाए गए हैं। इन आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *