हाईटेंशन तार की चपेट में आने से 15 वर्षीय किशोरी झुलसी, हालत गंभीर

बिल्थरारोड (बलिया)। उभांव थाना क्षेत्र अंतर्गत स्थानीय नगर के वार्ड नंबर 6 बिठूआ मोड़ के समीप एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। घर के सामने छत के पास से गुजर रहे हाईटेंशन विद्युत तार की चपेट में आने से 15 वर्षीय किशोरी गंभीर रूप से झुलस गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सोनी (15) पुत्री छट्ठू गुप्ता अपने घर की छत पर खड़ी थी। इसी दौरान छत के सामने से गुजर रहे हाईटेंशन तार की जद में वह अचानक आ गई, जिससे उसे तेज करंट लग गया और वह बुरी तरह झुलस गई। किशोरी की चीख-पुकार सुनकर परिजन तत्काल छत पर पहुंचे और आनन-फानन में उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सीयर ले गए।
सीएचसी सीयर में प्राथमिक उपचार के बाद किशोरी की हालत गंभीर देखते हुए चिकित्सकों ने उसे जिला अस्पताल बलिया रेफर कर दिया। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों ने आबादी के बीच से गुजर रहे हाईटेंशन तार को लेकर गहरी चिंता जताते हुए विद्युत विभाग से जल्द उचित कार्रवाई की मांग की है।
