फरसाटार नहर में नहाने गए 14 वर्षीय किशोर की डूबने से मौत, परिवार में मचा कोहराम

बेल्थरा रोड। उभांव थाना क्षेत्र के फरसाटार नहर में रविवार दोपहर करीब 12 बजे दोस्तों के साथ नहाने गए 14 वर्षीय किशोर की डूबने से मौत हो गई। मृतक की पहचान सत्यम (14) पुत्र संतोष मौर्य, निवासी एकसार पिपरौली के रूप में हुई है। सत्यम एक निजी विद्यालय में कक्षा आठवीं का छात्र था और अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। उसकी एक छोटी बहन है।

बताया गया कि रविवार को सत्यम चार बच्चों के साथ फरसाटार नहर में नहाने गया था। नहाते समय वह अचानक गहरे पानी में डूब गया। साथ गए बच्चों ने इसकी जानकारी आसपास के लोगों को दी। काफी देर तक सत्यम के बाहर नहीं आने पर ग्रामीणों ने नहर में तलाश शुरू की और कड़ी मशक्कत के बाद उसका शव बाहर निकाला।

सूचना पर उभांव पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी। घटना की जानकारी मृतक के पिता संतोष मौर्य को दे दी गई है, जो मुंबई में निजी नौकरी करते हैं और करीब चार दिन पहले ही मुंबई गए थे।

थाने पर पहुंची मृतक की मां और छोटी बहन का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों की चीख-पुकार से माहौल गमगीन हो गया।

मौके पर पहुंचे तहसीलदार अजीत कुमार सिंह ने बताया कि प्रशासन की ओर से नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जा रही है। सरकार की गाइडलाइन के अनुसार परिवार को जो भी सुविधा अथवा सहायता मिलने के लिए पात्रता होगी, वह उपलब्ध कराई जाएगी।

पुलिस के अनुसार शव के संबंध में अन्य विधिक कार्रवाई नियमानुसार की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *