पूर्व फौजी हत्याकांड में CRPF की पहल, अधिकारियों ने परिजनों से की मुलाकात!

महानिदेशालय ने लिया संज्ञान, पुलिस से निष्पक्ष एवं न्यायोचित कार्रवाई की मांग
बलिया। उभांव थाना क्षेत्र के सोनाडीह (दोथ) गांव में पूर्व CRPF जवान अमरेश बहादुर सिंह की हत्या एवं उनके भाई मंजेश सिंह पर हुए जानलेवा हमले के मामले को CRPF ने गंभीरता से लिया है। रविवार को 95वीं बटालियन CRPF, वाराणसी के सहायक कमांडेंट रंजन सिंह गांव पहुंचे और मृतक के परिजनों से मुलाकात कर घटना की पूरी जानकारी ली।
सहायक कमांडेंट ने परिजनों से बातचीत कर घटनाक्रम की जानकारी जुटाई और बताया कि मामले की रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को भेजी जा रही है। उन्होंने कहा कि हत्याकांड का संज्ञान CRPF महानिदेशालय स्तर पर लिया गया है और संगठन पीड़ित परिवार के साथ खड़ा है।
उन्होंने बताया कि मामले को लेकर CRPF लगातार बलिया पुलिस एवं प्रशासन के संपर्क में है। साथ ही पुलिस-प्रशासन से घटना की निष्पक्ष जांच करते हुए दोषियों के विरुद्ध न्यायोचित कार्रवाई की अपेक्षा जताई।
इससे पूर्व CRPF अधिकारियों ने उभांव थाने पहुंचकर प्रभारी निरीक्षक दिनेश पाठक से मुलाकात की तथा हत्याकांड के बाद पुलिस द्वारा की गई कार्रवाई और जांच की प्रगति के संबंध में जानकारी ली।
पूर्व CRPF जवान की हत्या के बाद केंद्रीय बल के अधिकारियों के गांव पहुंचने से मामले की गंभीरता और बढ़ गई है। CRPF की सक्रियता के बाद पुलिस एवं प्रशासनिक स्तर पर भी कार्रवाई को लेकर हलचल तेज हो गई है।
इस दौरान सहायक कमांडेंट रंजन सिंह, इंस्पेक्टर कमलेश यादव, विप्पलव तिवारी सहित अन्य चार जवान मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *