श्री गोकुल स्वीट्स एंड रेस्टोरेंट में हादसा ओपनिंग से पहले करंट की चपेट में आया दुकानदार का बेटा, बाल-बाल बची जान

बिल्थरारोड (बलिया): नगर पंचायत बिल्थरारोड स्थित सरकारी अस्पताल के समीप बन रहे श्री गोकुल स्वीट्स एंड रेस्टोरेंट में शुक्रवार की भोर में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब दुकान के स्वामी रवि मद्धेशिया के पुत्र सत्य प्रकाश मद्धेशिया (25 वर्ष) करंट की चपेट में आ गए।
बताया जाता है कि शनिवार को दुकान का शुभारंभ होना था। ओपनिंग की तैयारियों में जुटे सत्य प्रकाश शुक्रवार भोर में बिजली से संबंधित काम देख रहे थे। इसी दौरान किसी तार में अचानक करंट उतर आया, जिससे वे चपेट में आ गए। हादसे में उनके हाथों में गंभीर चोटें आईं।
मौके पर मौजूद कर्मचारियों ने तत्काल बिजली की सप्लाई बंद कर तार को अलग किया, जिससे युवक की जान बच गई। स्थानीय लोगों ने घटना के बाद राहत की सांस ली कि बड़ा हादसा टल गया।
सूत्रों के अनुसार, घायल सत्य प्रकाश का उपचार कराया जा रहा है और उनकी स्थिति फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है।
धनतेरस के अवसर पर दुकान के उद्घाटन की तैयारी में जुटे परिवार और शुभचिंतकों के बीच हादसे की खबर से मायूसी फैल गई।
