सोनाडीह हत्याकांड में बड़ी कार्रवाई: 3 आरोपी गिरफ्तार, चाकू व बांस के डंडे बरामद

बिल्थरारोड, बलिया। उभांव थाना क्षेत्र के सोनाडीह (दोथ) में अमरेश बहादुर सिंह की मौत के मामले में उभांव पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त एक चाकू और दो बांस के डंडे भी बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, 10 सितंबर की रात हुई मारपीट में अमरेश बहादुर सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए थे, जिनकी बाद में मौत हो गई थी। मामले में मृतक की बेटी की तहरीर पर उभांव थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था।
गिरफ्तार आरोपियों में खुशी पुत्री गिरीश चन्द्र सिंह, शीला सिंह पत्नी गिरीश चन्द्र सिंह और सूरज सिंह पुत्र गिरीश चन्द्र सिंह, सभी निवासी दोथ सोनाडीह, थाना उभांव, बलिया शामिल हैं।
पुलिस ने बरामदगी के आधार पर मुकदमे में आयुध अधिनियम की धारा 4/25 और धारा 3(5) बीएनएस की बढ़ोतरी की है। विधिक कार्रवाई के बाद तीनों आरोपियों को न्यायालय बलिया भेज दिया गया।
कार्रवाई पुलिस अधीक्षक बलिया ओमवीर सिंह के निर्देशन में, अपर पुलिस अधीक्षक दिनेश कुमार शुक्ला के पर्यवेक्षण और क्षेत्राधिकारी रसड़ा रजनीश कुमार के नेतृत्व में प्रभारी निरीक्षक दिनेश पाठक व पुलिस टीम द्वारा की गई।
