घर में झाड़ू लगाते समय महिला को सांप ने डसा, इलाज के दौरान मौत; दो मासूम बच्चों के सिर से उठा मां का साया

बेल्थरा रोड। उभांव थाना क्षेत्र के गौरी गांव में घर की सफाई के दौरान एक दर्दनाक हादसा हो गया। झाड़ू लगाते समय विषैले सांप के डसने से 28 वर्षीय महिला की मौत हो गई। परिजन तत्काल उन्हें अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर है।
जानकारी के अनुसार, गौरी गांव निवासी रतन की पत्नी ज्ञान्ती देवी (28) सोमवार को अपने घर में झाड़ू लगा रही थीं। इसी दौरान घर में छिपे विषैले सांप ने उन्हें डस लिया। सांप के डसते ही उनकी तबीयत तेजी से बिगड़ने लगी, जिसके बाद परिजन उन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले गए। हालांकि डॉक्टरों के प्रयास के बावजूद उनकी जान नहीं बच सकी।
परिजनों ने अंतिम उम्मीद के तौर पर झाड़-फूंक का भी सहारा लिया, लेकिन इससे कोई लाभ नहीं हुआ। वहीं, घर में मौजूद सांप को जाल की मदद से पकड़ लिया गया और बाद में उसे सुरक्षित स्थान पर छोड़ दिया गया।
ज्ञान्ती देवी अपने पीछे छह वर्षीय बेटे और तीन वर्षीय बेटी को छोड़ गई हैं। मां की असमय मौत से दोनों मासूमों के सिर से ममता का साया उठ गया है। मंगलवार को गमगीन माहौल में उनका अंतिम संस्कार किया गया, जहां परिजनों की आंखें नम थीं और पूरे गांव में शोक का माहौल बना रहा।
