देवरिया ने रचा इतिहास: मनोज इलेवन ने गोरखपुर को 9 विकेट से हराकर जीता रात्रिकालीन क्रिकेट टूर्नामेंट का खिताब
बिल्थरारोड (फरसाटार)। मोहम्मद शिबली फाउंडेशन के तत्वावधान में फरसाटार ग्राम स्थित खेल मैदान पर आयोजित रात्रिकालीन क्रिकेट टूर्नामेंट के फाइनल मुकाबले में रोमांचक जंग देखने को मिली। मनोज इलेवन देवरिया ने शानदार प्रदर्शन करते हुए मोनू इलेवन गोरखपुर को 9 विकेट से पराजित कर खिताब अपने नाम किया।
मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश सरकार के अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री दानिश आज़ाद अंसारी ने टॉस उछाल कर मैच की शुरुआत की और खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया।
फाइनल मुकाबले में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी गोरखपुर की टीम ने 9 विकेट गंवाकर महज 53 रन बनाए। जवाब में देवरिया की टीम ने केवल एक विकेट खोकर लक्ष्य को आसानी से हासिल कर लिया।
टूर्नामेंट में देवरिया के अविनाश को उनके बेहतरीन प्रदर्शन के लिए मैन ऑफ द सीरीज चुना गया, जबकि फाइनल में चार अहम विकेट लेने वाले प्रतीक त्रिपाठी को मैन ऑफ द मैच का खिताब मिला।
मैच के सफल आयोजन में अंपायर की भूमिका शारिक व नौशाद ने निभाई, वहीं कमेंट्री के माध्यम से शुभम और तालिब ने दर्शकों को रोमांचित किया। इस अवसर पर पूर्व मंत्री छट्ठू राम, गोरख पासवान, बाबर फरसाटारी समेत अनेक गणमान्य व्यक्तियों की उपस्थिति रही।
पीआरबी चालक चंद्रप्रताप सिंह बिसेन व कांस्टेबल संतोष कुमार को उनके साहसिक कार्यों के लिए मंच से सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के दौरान खिलाड़ियों को उपहार देकर उनका मनोबल भी बढ़ाया गया।
खेल भावना से सराबोर यह आयोजन क्षेत्र में युवा प्रतिभाओं के लिए प्रेरणास्रोत साबित हुआ।





