गुजरात प्रान्त में मजदूरी करने गए सोनाडीह गांव के दो युवकों का शव पहुँचने पर पूरे गांव मातम छाया

बिल्थरारोड। रोजगार की तलाश में गुजरात मजदूरी करने गए क्षेत्र के सोनाडीह गांव के दो युवकों का शव दो दिन के अन्दर पहुँचने पर पूरे गांव में मातम छाया हुआ है । इनमें राम आशीष यादव ( 35 ) का शव रविवार की देर रात गांव पहुंचा । सोमवार की सुबह घर पर ग्रामिणों की भीड़ लग गई । जहां बेटे का शव देख पिता रामचंद्र यादव और मां पानमती देवी समेत परिजनों के चित्कार से हर किसी का कलेजा फटा जा रहा था । राम आशीष यादव विगत 25 दिसंबर को ही गांव के अन्य युवकों के साथ सिकंदरपुर के एक ठेकेदार के माध्यम से गुजरात गया था । जहां वह विगत 3 जनवरी को करीब 150 फीट ऊंचे एक गोदाम में एल्वेस्टर लगाने का कार्य कर रहा था । बताया जा रहा है कि अचानक चक्रवात आने से तीन मजदूर सीधे नीचे आ गिरे । इनमें बिहार और यूपी बलिया के सोनाडीह गांव के एक अन्य युवक समेत दो की मौके पर ही मौत हो गई थी । जबकि राम आशीष ने 7 जनवरी को इलाज के दौरान गुजरात अस्पताल में दम तोड़ दिया । जिसका शव देर रात सोनाडीह गांव पहुंचा । सोमवार को तुर्तीपार घार पर अंतिम संस्कार किया गया । अभी चार दिन पूर्व ही अमर शर्मा का शव आया था। सोनाडीह गांव से साथ काम कर रहे अमर शर्मा 30 वर्ष का भी गुजरात में काम करने के दौरान हादसे में ऊंचाई से गिरकर मौत हो गई थी । हादसा 3 जनवरी का बताया जा रहा है। अमर शर्मा का शव विगत 5 जनवरी को ही सोनाडीह गांव पहुंचा था ।उसके मौत का गम अभी गांव भूल भी नहीं पाया था । हादसे में अस्पताल में जीवन मौत के बीच झूल रहे राम आशीष ने भी दम तोड़ दिया । महज पांच दिन में बारी बारी एक ही गांव में दो युवकों का शव गांव में आया तो ग्रामिणों का कलेजा फट सा गया । पूरे गांव में मातम छाया हुआ है ।
