एसडीएम के निर्देशन में कुंडैल में फार्मर रजिस्ट्री जागरूकता अभियान, किसानों को बताए गए डिजिटल लाभ !

बेल्थरा रोड (बलिया):
भारत सरकार की एग्रीस्टैक (AgriStack) परियोजना के अंतर्गत संचालित फार्मर रजिस्ट्री को लेकर शुक्रवार को कुंडैल स्थित प्राथमिक विद्यालय में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में पहुंचे अधिकारियों व कर्मियों ने किसानों से सीधा संवाद कर योजना के उद्देश्य, पंजीकरण प्रक्रिया और उससे मिलने वाले लाभों की विस्तृत जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि फार्मर रजिस्ट्री के माध्यम से प्रत्येक किसान को 11 अंकों की एक विशिष्ट किसान आईडी प्रदान की जा रही है। इस आईडी में किसान के परिवार, कृषि भूमि स्वामित्व, फसल विवरण और आधार से जुड़ी जानकारी डिजिटल रूप में सुरक्षित रखी जाती है। इससे सरकारी योजनाओं का लाभ पारदर्शी तरीके से सीधे किसानों तक पहुंचाना आसान होगा।
कार्यक्रम के दौरान किसानों को यह भी बताया गया कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, खाद-बीज सब्सिडी तथा किसान क्रेडिट कार्ड (KCC) जैसी योजनाओं का लाभ अब इस डिजिटल व्यवस्था के माध्यम से और सरल व तेज़ी से मिल सकेगा। साथ ही, इस प्रणाली से फर्जीवाड़ा पर भी प्रभावी रोक लगेगी और पात्र किसानों को समय पर सहायता मिल पाएगी।
इस अवसर पर उपस्थित किसानों ने अपनी जिज्ञासाएं रखीं, जिनका अधिकारियों द्वारा मौके पर ही समाधान किया गया। अधिकारियों ने सभी किसानों से अपील की कि वे जल्द से जल्द फार्मर रजिस्ट्री में पंजीकरण कराकर सरकारी योजनाओं का पूरा लाभ उठाएं।
कार्यक्रम के अंत में किसानों ने इस पहल को उपयोगी बताते हुए सरकार के इस कदम की सराहना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *