उभांव थाना क्षेत्र में दर्दनाक हादसा: नहर में डूबने से 18 वर्षीय युवक दीपक की मौत, परिवार में मचा कोहराम
बलिया जनपद के उभांव थाना क्षेत्र अंतर्गत हल्दी रामपुर (मौजा तारनपुर) में गुरुवार की शाम एक दर्दनाक हादसे में 18 वर्षीय युवक की नहर में डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में मातम का माहौल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, हल्दी रामपुर निवासी दीपक पुत्र स्वर्गीय जुलुम गुरुवार की शाम करीब 3:30 बजे अपने कुछ दोस्तों के साथ हल्दीरामपुर साइफन के पास स्थित नहर में नहाने गया था। बताया जा रहा है कि नहाने के दौरान वह अचानक गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। साथियों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक वह पानी में समा चुका था।
घटना की सूचना मिलते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों और परिजनों की मदद से दीपक को नहर से बाहर निकाला गया और तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सीयर पहुंचाया गया। जहां ड्यूटी पर मौजूद डॉ. विकास सोनी ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
दीपक तीन भाई-बहनों में सबसे छोटा था। कम उम्र में बेटे की मौत से परिवार पूरी तरह टूट गया है। अस्पताल में बेटे के शव से लिपटकर बिलखती मां को देखकर वहां मौजूद लोगों की आंखें भी नम हो गईं। पूरे गांव में शोक और सन्नाटा पसरा हुआ है।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने नहरों और गहरे जलाशयों के आसपास सुरक्षा व्यवस्था एवं चेतावनी बोर्ड लगाए जाने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की दर्दनाक घटनाओं से बचा जा सके।
