“जाको राखे साइयां, मार सके न कोई”: भीषण सड़क हादसे में कार चकनाचूर, मासूम समेत तीन गंभीर रूप से घायल

बिल्थरारोड (बलिया)। उभांव थाना क्षेत्र के तुर्तीपार चट्टी पर सोमवार को एक भीषण सड़क हादसे में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक तेज रफ्तार डम्फर और मारुति कार की आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई। इस दुर्घटना में कार सवार दुधमुंहा बच्चा, उसकी मां और एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद घटनास्थल पर काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, अवाया गांव निवासी नितेश (28 वर्ष), अपनी भाभी रागिनी (30 वर्ष, पत्नी रमेश) और उनके छह माह के मासूम बच्चे को लेकर अपनी कार से रिश्तेदारी में भागलपुर जा रहे थे। जैसे ही वे तुर्तीपार चट्टी के पास पहुंचे, सामने से आ रहे एक तेज रफ्तार डम्फर ने कार में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मारुति कार का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया।

स्थानीय लोगों की मदद से कार में फंसे घायलों को बाहर निकाला गया। इस दुर्घटना में रागिनी, उनका छह माह का बेटा और नितेश गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों के एक-एक पैर में गंभीर फ्रैक्चर की सूचना है। घायलों की हालत को गंभीर देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उन्हें जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया।

यह हादसा इतना भयानक था कि कार का आगे का हिस्सा पूरी तरह पिचक गया, लेकिन चमत्कारिक रूप से छह माह का मासूम जीवित बच गया। यह घटना एक बार फिर “जाको राखे साइयां, मार सके न कोई” कहावत को चरितार्थ करती है। पुलिस ने डम्फर चालक के विरुद्ध कार्रवाई शुरू कर दी है और वाहन को कब्जे में ले लिया गया है।

छह माह का मासूम भी घायल

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *