शिव स्थान घाघरा में नहाते समय युवक की दर्दनाक मौत, कानपुर मेट्रो में करता था नौकरी !

बिल्थरारोड (बलिया) ग्राम टंगुनिया निवासी 30 वर्षीय रंजीत ठाकुर पुत्र स्वर्गी अशोक ठाकुर की गुरुवार को शिव स्थान घाघरा में नहाते समय डूबने से मौत हो गई। बताया जा रहा है कि रंजीत कानपुर में मेट्रो रेल परियोजना में नौकरी करता था और इन दिनों छुट्टी पर अपने गांव आया हुआ था।

बीते तीन दिनों से रंजीत नियमित रूप से शिव स्थान घाघरा में स्नान के लिए जाया करता था। गुरुवार को भी वह सुबह अपने घर से स्नान के लिए निकला, लेकिन यह स्नान उसके जीवन का अंतिम स्नान बन गया। स्नान के दौरान वह गहरे पानी में चला गया और देखते ही देखते डूबने लगा। किनारे मछली पकड़ रहे एक युवक ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी।

घटना की सूचना मिलते ही गांव में कोहराम मच गया। तत्काल पूर्व प्रधान प्रतिनिधि अनिल यादव ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से युवक को बाहर निकालकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सीयर ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

बताया जा रहा है कि मृतक अविवाहित था  इस हृदय विदारक घटना से गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की विधिक कार्यवाही में जुट गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *