राजस्थान में बलिया के भाजपा नेता और उनके मेकेनिक की हत्या का खुलासा !


पुलिस ने छह आरोपियों को किया गिरफ्तार, बोलेरो गाड़ी भी बरामद

बलिया/जयपुर। बलिया के भाजपा किसान मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष अशोक सिंह और उनके एजेंसी पर बतौर मेकेनिक कार्यरत विकास कुमार की राजस्थान में हुई सनसनीखेज हत्या का खुलासा पुलिस ने कर दिया है। कोटपुतली-बहरोड़ एसपी देवेंद्र बिश्नोई ने बताया कि पुलिस ने इस घटना में शामिल छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों में अजीत कुमार उर्फ दाना, इंद्रजीत उर्फ कोतवाल, राकेश यादव उर्फ टकली, नरवीर यादव उर्फ कालिया, मंजीत यादव उर्फ बोहरा और नितिन उर्फ खोटा शामिल हैं। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त बोलेरो गाड़ी भी बरामद कर ली है।


OLX ठगी से जुड़ा मामला

जांच में बड़ा खुलासा हुआ कि यह वारदात OLX जैसे ऐप से ठगी से जुड़ी हुई है। आरोपियों ने अशोक सिंह और उनके मेकेनिक विकास कुमार को सस्ते जनरेटर देने का झांसा देकर जयपुर बुलाया था। दोनों 19 सितम्बर को जयपुर पहुँचे और अगले दिन नारनौल, हरियाणा बुलाए गए। वहां से आरोपी उन्हें बोलेरो में बैठाकर जखराना की पहाड़ियों में ले गए।


पहाड़ियों में टॉर्चर कर मांगे रुपये

पुलिस के अनुसार आरोपियों ने पहाड़ियों में ले जाकर अशोक सिंह और उनके साथी विकास कुमार से मारपीट करते हुए रुपये की मांग की। अशोक सिंह के बैंक खातों में मोटी रकम होने की जानकारी मिलते ही आरोपियों ने उनका मोबाइल और एटीएम कार्ड ले लिया और साथियों को गुरुग्राम भेजा। वहाँ से करीब सात लाख रुपये की निकासी की गई।


गला दबाकर की हत्या, कुओं में फेंका शव

जब अशोक सिंह ने दूसरा पासवर्ड और यूज़र आईडी देने से इनकार कर दिया तो आरोपियों ने 21 सितम्बर की भोर 2:30 से 3 बजे के बीच अशोक सिंह और विकास कुमार की गला दबाकर हत्या कर दी। इसके बाद दोनों शवों को करीब 50 किलोमीटर दूर शाहजहांपुर थाना क्षेत्र में अलग-अलग कुओं में फेंक दिया गया।


कुओं से बरामद हुए शव

शाहजहांपुर पुलिस को दुर्गंध की सूचना पर जौनायचाखुर्द और सांसेडी गांव के कुओं से शव बरामद हुए। सांसेडी गांव से मिला शव अशोक सिंह का था, जबकि जौनायचाखुर्द गांव से मिला शव विकास कुमार का निकला। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपे गए।


लंबा आपराधिक रिकॉर्ड

गिरफ्तार आरोपी अजीत उर्फ दाना और इंद्रजीत उर्फ कोतवाल पर नौ-नौ मुकदमे दर्ज हैं। राकेश उर्फ टकली पर चार मामले, जबकि मंजीत उर्फ बोहरा पर नारनौल थाने में मामला दर्ज है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *