गुरुगोविंद सिंह जी ने हिन्दू धर्म की रक्षा के लिए अपने पूरे परिवार की बलि चढ़ा दी- निवर्तमान चेयरमैन दिनेश कुमार गुप्त


बिल्थरारोड। नगर का हृदय स्थल कहा जाने वाला रामलीला मैदान के समीप स्थित गुरुद्वारे में गुरुवार की शाम को सिखों के दसवें गुरु गुरुगोविंद सिंह की जयंती मनाई गई। कार्यक्रम में गुरुग्रन्थ साहिब का पाठ कर शबद कीर्तन का आयोजन किया गया और अरदास की गई। इसके उपरांत कड़ा प्रसाद वितरण किया गया। इस मौके पर गुरुगोविंद सिंह की जयंती में शामिल नगर के निवर्तमान चेयरमैन दिनेश कुमार गुप्त ने कहा कि गुरुगोविंद सिंह ने हिन्दू धर्म की रक्षा के लिए अपने पूरे परिवार की बलि चढ़ा दी और उन्होंने अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया। उनके इस बलिदान को हिन्दू समाज कभी नही भूल सकता। गुरुद्वारा के ग्रन्थी ने अरदास की और गुरुगोविंद सिंह के जीवन पर प्रकाश डाला । सभी ने गुरुद्वारे में माथा टेका।इस अवसर पर सरदार सतविंदर सिंह,राममनोहर गाँधी, भाजपा मण्डल अध्यक्ष सतीश गुप्ता, आलोक गुप्ता, सोनू गुप्ता आदि मौजूद रहे।
