सेंट जेवियर्स स्कूल के छात्रों ने पंचायती राज दिवस पर लिया अनुभवात्मक शिक्षा का अनोखा अनुभव

बेल्थरा रोड। राष्ट्रीय पंचायती राज दिवस के अवसर पर शुक्रवार को स्थानीय ब्लॉक कार्यालय में एक प्रेरणादायक एवं ज्ञानवर्धक कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें सेंट जेवियर्स स्कूल के छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। कार्यक्रम में खंड विकास अधिकारी (BDO) सहित क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों की गरिमामयी उपस्थिति रही।
इस अवसर पर ग्राम पंचायत पिपरौली के प्रधान सज्जन पासवान एवं बिठुआं के प्रधान प्रतिनिधि के नेतृत्व में पंचायत भवनों पर भी विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया। छात्रों को पंचायत व्यवस्था, ग्रामीण विकास योजनाओं और प्रशासनिक कार्यप्रणाली की विस्तृत जानकारी दी गई।
“अनुभवात्मक शिक्षा” के तहत छात्रों ने ब्लॉक कार्यालय व पंचायत भवनों का भ्रमण किया, जहां उन्होंने योजनाओं के क्रियान्वयन, अभिलेखों के रख-रखाव और जनसेवा से जुड़े कार्यों को करीब से देखा। इस दौरान छात्रों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला और उन्होंने कई महत्वपूर्ण सवाल भी पूछे।
खंड विकास अधिकारी ने कहा कि ऐसे कार्यक्रम बच्चों में जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ उन्हें लोकतांत्रिक व्यवस्था की गहराई से समझ विकसित करने में सहायक होते हैं। वहीं ग्राम प्रधानों ने छात्रों को शिक्षा के साथ सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति सजग रहने की प्रेरणा दी।
कार्यक्रम के समापन पर सभी उपस्थित लोगों ने पंचायती राज व्यवस्था को और अधिक सशक्त बनाने का संकल्प लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *