सपा ने मनियर में हुए सामूहिक विवाह में फर्जीवाड़े पर विधानसभा में सरकार को घेरा!सपा विधायक व पूर्व मंत्री लालजी वर्मा और फेफना विधायक संग्राम यादव ने दबाव देकर अपात्रों का चयन कराने वालों पर कार्रवाई की मांग की!

बलिया। बीते 25 जनवरी को मनियर में हुए मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह में फर्जीवाड़े का मुद्दा विधानसभा में उठा। विपक्षी समाजवादी पार्टी के लालजी वर्मा ने सामूहिक विवाह में फर्जीवाड़े को लेकर प्रदेश सरकार पर जोरदार हमला करते हुए कहा कि बलिया जिले के मनियर में हुए मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह के लिए लगभग 535 जोड़ों पंजीकृत थे। इसमें से आधा से अधिक अपात्र व्यक्तियों का चयन किया गया। इसमें मनियर से 179 चयनित जोड़ों में से 55 अपात्र थे। रेवती से 136 में से 50 अपात्र, बांसडीह से 124 में से 25 अपात्र मिले। हालांकि यहां अभी 23 लोगों की जांच नहीं हुई है।बेरुआरबारी ब्लाक में 133 चयनितों में से 86 अपात्र पाए गए। इसी तरह मैरीटार महिला विधायक का गांव है, जहां 29 चयनित में से सभी फर्जी पाए गए हैं। इस सामूहिक विवाह में बड़े पैमाने पर धांधली हुई है। उन्होंने कहा कि विवाह में वर-वधू दोनों का होना आवश्यक है, लेकिन इस विवाह कार्यक्रम में दुल्हन खुद ही अपने गले में वरमाला डालते पायी गईं। बांसडीह की विधायक केतकी सिंह का बिना नाम लिए कहा कि जिस वक्त यह विवाह हो रहा था, स्थानीय विधायक भी ताली बजाते हुए पायी गईं। कहा कि यह मुख्यमंत्री की बहुत ही महत्वपूर्ण योजना है। जिसमें लगभग 75 प्रतिशत अपात्र लोगों का विवाह कराया गया। उन्होंने विधानसभा अध्यक्ष से नियम 56 के तहत इस मुद्दे को अविलंबनीय बताते हुए स्थगन कर चर्चा कराने की मांग की। ताकि सही तथ्य सामने आए। कहा कि जो भी अनियमितता करते हुए पाए जाएं या जिनके दबाव में अपात्र लोगों का चयन किया गया है, उन सारे लोगों को इसमें मुल्जिम बनाया जाए। जिससे इस तरह की हिम्मत दोबारा कोई न कर पाए। इसी मुद्दे पर विधायक संग्राम यादव ने कहा कि बांसडीह की विधायक जिस गांव की हैं, उस गांव की पूरी सूची ही अपात्र बताई गई। इस सामूहिक विवाह में पहली बार बिना दूल्हे के दुल्हन अपने गले में वरमाला डालती दिखी। यह काम चमत्कारी सरकार ही कर सकती है। उत्तर प्रदेश पहला राज्य बन गया है, जहां बिना दूल्हे के दुल्हन की शादी हुई है। उन्होंने टोका-टोकी के बीच कहा कि जो लोग इसमें शामिल हों, उन पर कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *