सिकन्दरपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 30 लीटर अवैध कच्ची शराब के साथ एक अभियुक्त गिरफ्तार

बलिया, 5 मई 2025: पुलिस अधीक्षक बलिया श्री ओमवीर सिंह के निर्देशन में जनपद में अवैध शराब के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के अंतर्गत थाना सिकन्दरपुर पुलिस को एक महत्वपूर्ण सफलता मिली है। पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए एक अभियुक्त को 30 लीटर अवैध अपमिश्रित कच्ची देशी शराब व शराब बनाने के उपकरणों के साथ गिरफ्तार किया है।
यह कार्रवाई थाना प्रभारी निरीक्षक श्री प्रवीण कुमार सिंह के नेतृत्व में प्रशिक्षु उप निरीक्षक प्रशान्त दूबे व टीम द्वारा मुखबिर की सूचना पर ग्राम लिलकर में की गई। दबिश के दौरान श्यामदेव राजभर पुत्र बालखिरा राजभर (निवासी ग्राम सिसोटार, थाना सिकन्दरपुर, बलिया) को मौके से गिरफ्तार किया गया। उसके दो अन्य साथी बन्टी बिन्द व अनिल बिन्द अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए।
पूछताछ में अभियुक्त ने बताया कि वे तीनों मिलकर नदी किनारे छिपकर कच्ची शराब बनाते थे और उसमें नौसादर, यूरिया और फिटकरी मिलाकर उसका नशा बढ़ाते थे। यह शराब बिहार में खपाई जाती थी, जहां शराबबंदी के कारण इसकी भारी मांग है।
मौके से बरामद सामान:
- दो गैलन में कुल 30 लीटर अपमिश्रित कच्ची देशी शराब
- 2 किलो यूरिया, 250 ग्राम फिटकरी, 250 ग्राम नौसादर
- शराब निर्माण के उपकरण, गैस सिलेंडर व गैस चूल्हा
- 15-15 लीटर के 5 खाली डिब्बे
- दो नीले रंग के प्लास्टिक ड्रम, जिनमें लगभग 200 लीटर लहन (जिसे मौके पर नष्ट किया गया)
इस संबंध में थाना सिकन्दरपुर में मु0अ0सं0-125/2025 धारा 60(1), 60(2) एक्साइज एक्ट व 274 बीएनएस के तहत अभियोग पंजीकृत कर आवश्यक विधिक कार्यवाही की जा रही है।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में शामिल रहे:
- प्रशिक्षु उप निरीक्षक प्रशान्त दूबे
- हेड कांस्टेबल दिनेश कुमार सिंह
- कांस्टेबल अमित पटेल
पुलिस अब फरार अभियुक्तों की तलाश में जुटी है और जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर लेने का दावा कर रही है।
