सोनाडीह में स्क्रब टाइफस की दस्तक स्वास्थ्य विभाग अलर्ट मोड में!



बिल्थरारोड। बिल्थरारोड तहसील के सोनाडीह गांव (मतुक का पूरा) में स्क्रब टाइफस का पहला केस मिलने से स्वास्थ्य महकमे में हड़कंप मच गया है। घास-फूस में रहने वाले खास किस्म के कीड़े के काटने से फैलने वाला यह संक्रमण मरीज को तेज बुखार, पेट दर्द और उल्टी जैसे गंभीर लक्षण देता है, समय पर इलाज न मिले तो मरीज कोमा में भी जा सकता है।

सीएचसी सीयर के अधीक्षक डॉ. राकेश कुमार सिंह ने बताया कि संक्रमित युवक ट्रैक्टर चालक है और गांव में ही रहता है। हालत बिगड़ने पर परिजन उसे लखनऊ के मेदांता अस्पताल ले गए, जहां जांच में स्क्रब टाइफस की पुष्टि हुई। फिलहाल मरीज केजीएमयू में भर्ती है।

जानकारी मिलते ही सीएचसी सीयर और जिला स्वास्थ्य विभाग की टीम मौके पर पहुंची और गांव में विशेष स्वास्थ्य अभियान शुरू कर दिया गया। मरीज के परिवार के साथ ही आसपास के लोगों की जांच, ब्लड सैंपलिंग और सफाई-सफाई के निर्देश दिए गए हैं। टीम ने पूरे गांव में एंटी-लाईज छिड़काव भी कराया है।

गांव वालों से अपील है कि सावधानी रखें, सफाई रखें और संदिग्ध लक्षण दिखते ही तुरंत अस्पताल जाएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *