समाजवादी पार्टी ने बलिया के युवा अधिवक्ता वैभव शंकर यादव को सौंपी अहम ज़िम्मेदारीबिल्थरारोड विधानसभा से प्रदेश सचिव बने, समर्थकों में खुशी की लहर




बलिया/लखनऊ। समाजवादी पार्टी ने एक बार फिर अपने संगठनात्मक ढांचे में युवाओं को प्राथमिकता देते हुए बिल्थरारोड विधानसभा क्षेत्र के तेजतर्रार युवा अधिवक्ता वैभव शंकर यादव को समाजवादी अधिवक्ता सभा उत्तर प्रदेश का प्रदेश सचिव नियुक्त किया है। यह मनोनयन पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री अखिलेश यादव और प्रदेश अध्यक्ष मा. श्यामलाल पाल के निर्देश पर किया गया है।
वैभव शंकर यादव, जो कि ग्राम टंगुनिया, पोस्ट चैनपुर, थाना उभांव, जनपद बलिया के निवासी हैं, को यह जिम्मेदारी समाजवादी अधिवक्ता सभा के प्रदेश अध्यक्ष एडवोकेट सिकन्दर यादव द्वारा औपचारिक पत्र जारी कर सौंपी गई। पत्र में यह उम्मीद जताई गई है कि वैभव यादव समाजवादी पार्टी की विचारधारा और नीतियों को घर-घर तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे और संगठन को नई गति व मजबूती देंगे।
इस नियुक्ति के बाद से ही बलिया सहित पूर्वांचल के समाजवादी खेमे में उत्साह की लहर दौड़ गई है। समर्थकों और शुभचिंतकों ने एक-दूसरे को मिठाइयाँ खिलाकर बधाइयाँ दीं। सोशल मीडिया पर बधाई संदेशों की बाढ़ आ गई है।
गौरतलब है कि वैभव शंकर यादव के पिता आद्याशंकर यादव स्वयं समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता हैं व पूर्व में बलिया के जिलाध्यक्ष और वर्तमान में प्रदेश सचिव पद पर हैं। पिता के समाजवादी संस्कारों में पले-बढ़े वैभव का यह मनोनयन पार्टी में उनकी स्वीकार्यता और मेहनत का परिणाम माना जा रहा है।
इस मौके पर प्रदेश अध्यक्ष सिकन्दर यादव ने कहा,
“पार्टी में हमेशा से ही कर्मठ, निष्ठावान और ज़मीनी कार्यकर्ताओं को सम्मान देने की परंपरा रही है। वैभव जैसे युवा अधिवक्ताओं के जुड़ने से अधिवक्ता सभा को नया जोश और नेतृत्व मिलेगा।”
