बिल्थरा रोड की बेटी रुचि मौर्य बनी समीक्षा अधिकारी, संघर्ष से सफलता तक रचा इतिहास!


बिल्थरा रोड (बलिया)। नगर पंचायत बेल्थरा रोड वार्ड नंबर 7 की होनहार बेटी रुचि मौर्य ने समीक्षा अधिकारी (RO) बनकर पूरे क्षेत्र का नाम रोशन कर दिया है। जैसे ही 5 अप्रैल (रविवार) को परीक्षा परिणाम घोषित हुआ, परिवार और इलाके में खुशी की लहर दौड़ गई। परिजनों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर इस उपलब्धि का जश्न मनाया।
रुचि मौर्य के इस सफर की शुरुआत जवाहर नवोदय विद्यालय, मऊ से हुई, जहां से उन्होंने अपनी प्रारंभिक शिक्षा पूरी की। इसके बाद उन्होंने कानपुर से मैकेनिकल इंजीनियरिंग में बीटेक किया और फिर गाजियाबाद में नौकरी करते हुए अपने सपनों को संजोए रखा।
करीब 3 साल के संघर्ष और कठिन परिश्रम के बाद उन्होंने नौकरी छोड़कर प्रयागराज में रहकर सिविल सर्विस की तैयारी शुरू की। प्रज्ञा प्रवाह कोचिंग से मार्गदर्शन लेते हुए उन्होंने 2023 के विज्ञापन के तहत फॉर्म भरा और 2025 में आयोजित परीक्षा में सफलता हासिल कर ली।
रुचि मौर्य के पिता जोरावर सिंह आर्य ने बताया कि उनके परिवार में एक बेटा और एक बेटी है। बेटी रुचि ने आज यह मुकाम हासिल किया है, जबकि उनका छोटा बेटा मुंबई में इंजीनियर है। रुचि की माता कस्तूरबा बालिका विद्यालय, बलरामपुर में शिक्षिका हैं, जिन्होंने हमेशा अपनी बेटी को आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
रुचि की इस सफलता ने यह साबित कर दिया कि मेहनत, धैर्य और मजबूत इरादों के दम पर कोई भी लक्ष्य हासिल किया जा सकता है। आज बेल्थरा रोड की यह बेटी हजारों युवाओं के लिए प्रेरणा बन चुकी है।
