बिल्थरा रोड स्टेशन पर बिना अनुमति पाइपलाइन बिछाने पर रेलवे की बड़ी कार्रवाई !

बिल्थरारोड रेलवे स्टेशन के पास जल निगम द्वारा बिना अनुमति पाइपलाइन बिछाने का कार्य जल निगम को भारी पड़ा। रेलवे ने सख्त रुख अपनाते हुए शुक्रवार को आरपीएफ मऊ में जल निगम के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया और मौके से एक जेसीबी मशीन को जब्त कर लिया।
सूत्रों के अनुसार, जल निगम की टीम स्टेशन चौहरा क्षेत्र में पाइपलाइन डाल रही थी, जबकि इसके लिए रेलवे से कोई औपचारिक अनुमति नहीं ली गई थी। इसी दौरान अनाधिकृत खुदाई में रेलवे का एक महत्वपूर्ण केबल कट गया, जिससे सिग्नलिंग और कम्युनिकेशन सिस्टम प्रभावित हो गया। कुछ समय के लिए रेल संचालन पर भी असर पड़ा। रेलवे की तकनीकी टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर क्षतिग्रस्त केबल की मरम्मत शुरू कर दी।
रेलवे अधिकारियों का कहना है कि पहले भी जल निगम को अनुमति लेने और सुरक्षा मानकों का पालन करने के लिए निर्देश दिए गए थे, लेकिन विभाग ने इसे गंभीरता से नहीं लिया। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया कि खुदाई से रेल संपत्ति को नुकसान पहुंचने की आशंका पहले ही जताई गई थी।
आरपीएफ ने नियमों के उल्लंघन के इस मामले में जांच तेज कर दी है। रेलवे विभाग ने स्पष्ट कहा है कि सुरक्षा मानकों से कोई समझौता नहीं होगा और रेलवे परिसर में बिना अनुमति किसी भी तरह की खुदाई, निर्माण या तकनीकी हस्तक्षेप बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
आरपीएफ के एएसआई संजीव कुमार मिश्रा ने बताया कि रेलवे जेई की तहरीर पर मामला दर्ज कर लिया गया है और एक जेसीबी मशीन जब्त की गई है। जल निगम से वार्ता के बाद शनिवार से पाइपलाइन बिछाने का कार्य अनुमति लेकर पुनः शुरू कर दिया गया है।
