राजपुर के प्रियांक सिंह का आईआईएम लखनऊ व कोझीकोड में चयन, क्षेत्र में हर्ष की लहर

बिल्थरारोड विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत राजपुर ग्राम पंचायत निवासी प्रियांक सिंह ने शिक्षा के क्षेत्र में एक बड़ी उपलब्धि हासिल करते हुए पूरे क्षेत्र को गौरवान्वित किया है। प्रियांक का चयन देश के दो प्रतिष्ठित प्रबंधन संस्थानों—आईआईएम लखनऊ और आईआईएम कोझीकोड—में अध्ययन के लिए हुआ है। इस सुखद समाचार के फैलते ही क्षेत्रवासियों में खुशी की लहर दौड़ गई है।
प्रियांक सिंह, राजपुर निवासी तेजबहादुर सिंह के सुपौत्र एवं प्रदुम्न सिंह के सुपुत्र हैं। उनके पिता श्री प्रदुम्न सिंह इस समय वाराणसी में उत्तर प्रदेश पुलिस विभाग में सब-इंस्पेक्टर के पद पर कार्यरत हैं, वहीं उनकी माता श्रीमती संगीता सिंह एक कुशल गृहिणी हैं।
बचपन से ही मेधावी रहे प्रियांक ने कठिन परिश्रम और आत्मविश्वास से यह मुकाम हासिल किया है। उन्होंने गत वर्ष भी आईआईएम में प्रवेश हेतु प्रयास किया था, किंतु अंतिम चरण में सफलता नहीं मिल सकी थी। वर्तमान में वे पुणे स्थित प्रतिष्ठित ICFAI संस्थान से एमबीए कर रहे हैं।
प्रियांक ने अपनी इस उपलब्धि का श्रेय अपने दादा-दादी, माता-पिता, गुरुजनों और मित्रों को दिया।
उनकी इस सफलता पर सीयर ब्लॉक प्रमुख और राजपुर से क्षेत्र पंचायत सदस्य श्री आलोक कुमार सिंह ने उन्हें व उनके परिवार को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
प्रियांक की यह उपलब्धि निश्चित रूप से क्षेत्र के युवाओं को प्रेरणा प्रदान करेगी।
