बलिया: मनियर नगर पंचायत उपचुनाव के लिए पोलिंग पार्टियां रवाना, सुरक्षा के व्यापक इंतजाम



बलिया जिले की नगर पंचायत मनियर में अध्यक्ष पद पर होने वाले उपचुनाव को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। गुरुवार को बांसडीह इंटर कॉलेज से पोलिंग पार्टियां मतदान केंद्रों के लिए रवाना हुईं। दोपहर में जिलाधिकारी प्रवीण कुमार लक्षकार और पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह ने मतदान पार्टियों की रवानगी का जायजा लिया और फिर नगर पंचायत मनियर स्थित विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर जरूरी दिशा-निर्देश दिए।

गौरतलब है कि नगर पंचायत अध्यक्ष का चुनाव निर्वाचन न्यायालय द्वारा रद्द किए जाने के बाद यह उपचुनाव कराया जा रहा है। इस चुनाव में समाजवादी पार्टी, भारतीय जनता पार्टी और दो निर्दलीय उम्मीदवारों समेत कुल चार प्रत्याशी मैदान में हैं। चुनाव में 19,438 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे, जिनमें 10,092 पुरुष और 9,346 महिला मतदाता शामिल हैं।

मतदान के लिए कुल 7 केंद्रों पर 25 बूथ बनाए गए हैं। इनमें से आठ बूथों को संवेदनशील, 13 को अति संवेदनशील और चार को ‘अति प्लस संवेदनशील’ श्रेणी में रखा गया है। चुनाव प्रक्रिया को सुचारु रूप से संपन्न कराने के लिए 100 मतदानकर्मियों की तैनाती की गई है, जबकि 25 कर्मियों को रिजर्व में रखा गया है ताकि किसी विशेष परिस्थिति में तत्काल व्यवस्था की जा सके।

सुरक्षा को देखते हुए पुलिस बल की भी बड़ी तादाद में तैनाती की गई है। मतदान के बाद सभी मतपेटियों को बांसडीह इंटर कॉलेज में बनाए गए स्ट्रॉन्ग रूम में सुरक्षित रखा जाएगा। मतगणना 5 मई को वहीं पर की जाएगी।





Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *