पुलिस ने अचेतावस्था में पड़े वृद्ध को सीपीआर देकर बचायी जान, चहुँओर हो रही है पुलिस की प्रसंशा

बिल्थरारोड। स्थानीय नगर के वार्ड नंबर 8 में मानवीय संवेदनाओं का मिसाल पेश करते हुए पुलिस ने अचेतावस्था में पड़े एक वृद्ध को सीपीआर देकर उनकी जान बचाई। समय रहते पहुंची पुलिस की तत्परता से वृद्ध की सांसें फिर से चलने लगीं। पुलिस ने इलाज हेतु उन्हें सीएचसी सीयर पहुँचाया जहां उनका उपचार जारी है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, वार्ड नंबर 8 मंत्री जी गली निवासी सुरेंद्र प्रसाद 75 वर्ष अपने घर में अकेले रहते थे। दो दिनों से उनके घर का दरवाज़ा न खुलने और कोई गतिविधि न दिखने पर पड़ोसियों को आशंका हुई। उन्होंने इसकी सूचना सुरेंद्र प्रसाद के रिश्तेदार बब्लू प्यारे को दी। बब्लू प्यारे जब मौके पर पहुंचे तो उन्होंने आसपास के लोगों की मदद से लकड़ी की सीढ़ी के सहारे ऊपर की खिड़की खोलकर घर के अंदर प्रवेश किया। वृद्ध को बिस्तर पर अचेत अवस्था में पड़ा देख सभी लोग ढंग रह गए। उन्हें मृत समझते हुए तुरंत इसकी सूचना उभांव इंस्पेक्टर संजय शुक्ल व सीयर पुलिस चौकी प्रभारी मुकेश कुमार को दी । सूचना मिलते ही उभांव पुलिस मौके पर पहुँच कर छत के पहली मंजिल के कमरे में जाकर देखा कि वृद्ध की सांसें धीमी चल रही थीं। बिना देर किए चौकी सीयर के दीवान प्रेमकुमार सिंह ने वृद्ध को नीचे लाकर उन्हें सीपीआर देना शुरू किया।कुछ ही देर में वृद्ध की सांसें सामान्य होने लगीं तो उन्हें एम्बुलेंस से सीएचसी सीयर भेजा गया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में इलाज जारी है।परिजनों के अनुसार, सुरेंद्र प्रसाद के दो पुत्र अजय कुमार व विजय कुमार मुंबई में सब्जी का कारोबार करते हैं। पत्नी के निधन के बाद वे अकेले ही अपने घर में रह रहे थे। स्थानीय लोगो द्वारा पुलिस के इस नेक कार्य की चहुँओर सराहना हो रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *