तीन दिनों से नगर में भटक रही बुजुर्ग महिला को पुलिस ने मिलवाया परिजनों से, इंसानियत की मिसाल बनी बिल्थरारोड पुलिस !


बिल्थरारोड/नगर में बीते तीन दिनों से दर-दर भटक रही बुजुर्ग महिला तरिकु निशा पत्नी अब्दुल समद को सीयर चौकी प्रभारी चंद्रशेखर यादव की मानवीय पहल और तत्परता ने उसके परिवार से मिलवा दिया। महिला मानसिक रूप से अस्वस्थ प्रतीत हो रही थी और वह अपना सही पता स्पष्ट रूप से नहीं बता पा रही थी।
स्थानीय नागरिकों ने जब महिला को दुपट्टा लपेटे इधर-उधर भटकते देखा तो इसकी सूचना चौकी को दी। सूचना पर तुरंत कार्रवाई करते हुए चौकी प्रभारी ने महिला को चौकी पर बुलवाया, जहां उन्हें सुरक्षित बैठाकर भोजन-पानी की व्यवस्था कराई गई।
बुजुर्ग महिला बातचीत में केवल कुछ अस्पष्ट जानकारी दे पा रही थी। ऐसे में चौकी प्रभारी ने सोशल मीडिया का सहारा लिया। अथक प्रयासों के बाद यह जानकारी मिली कि महिला मऊ जनपद के दोहरीघाट की निवासी हैं।
जानकारी मिलने पर शनिवार को महिला के भतीजे सरफराज पुत्र इश्तियाक अहमद निवासी दोहरीघाट चौकी पहुंचे और उन्हें सकुशल अपने साथ लेकर चले गए।
इस मौके पर हेड कांस्टेबल त्रिभुवन नारायण कांस्टेबल अजीत गुप्ता, सतेन्द्र पासवान समेत अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे। चौकी प्रभारी चंद्रशेखर यादव की इस संवेदनशीलता और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना की क्षेत्र में सराहना हो रही है।
