पीएसी जवान के बड़े बेटे ने फांसी लगाकर दी जान, पांच महीने पहले हुई थी दूसरी शादी !

बिल्थरा रोड /उभाव थाना क्षेत्र के जिउतपुरा गांव में उस समय मातम छा गया जब पीएसी के जवान कोमल यादव के बड़े पुत्र राहुल यादव (उम्र लगभग 32 वर्ष) ने संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
मिली जानकारी के अनुसार राहुल की दो शादियाँ हो चुकी थीं — पहली शादी टूटने के बाद दूसरी शादी मात्र पांच महीने पहले ही हुई थी।
परिजनों के अनुसार राहुल दो भाइयों में बड़ा था, जबकि छोटा भाई प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी करता है।
मंगलवार की सुबह करीब पांच बजे जब राहुल के कमरे का दरवाजा नहीं खुला तो परिजनों ने दरवाजा तोड़ा, अंदर का दृश्य देख सबके होश उड़ गए।
राहुल फांसी के फंदे से झूल रहा था।
सूचना मिलते ही उभाव थाना प्रभारी निरीक्षक संजय शुक्ल दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बलिया भेज दिया।
पुलिस के मुताबिक, मृतक के पिता ने सरकारी नंबर पर फोन कर घटना की सूचना दी थी।
फिलहाल राहुल ने किन परिस्थितियों में फांसी लगाई, यह स्पष्ट नहीं हो सका है।
घटना से पूरे गांव में शोक और सन्नाटा पसरा हुआ है।
पुलिस मामले की सभी पहलुओं से जांच में जुटी हुई है।

