1857 में बने उभांव थाने में पहली बार परिवार संग छठ मनाकर इंस्पेक्टर संजय शुक्ल ने रचा इतिहास !



उभांव/बलिया। क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था संभालने के साथ-साथ परंपराओं का सम्मान करना भी हमारी संस्कृति का हिस्सा है। इसी कड़ी में हाल ही में उभांव थाने की कमान संभालने वाले इंस्पेक्टर संजय शुक्ल ने इस बार ऐतिहासिक पहल करते हुए 1857 में अंग्रेजों के शासनकाल में बने उभांव थाने में पहली बार अपने पूरे परिवार के साथ छठ पूजा की।

छठ पर्व के अवसर पर थाना परिसर में बने पूजा स्थल पर इंस्पेक्टर शुक्ल अपनी पत्नी और बच्चों के साथ उपस्थित रहे और सूर्य देव को अर्घ्य अर्पित कर क्षेत्रवासियों के सुख-समृद्धि की कामना की।

थाने जैसे अनुशासित और व्यस्त स्थान पर इस पवित्र पर्व का आयोजन स्थानीय लोगों और पुलिस कर्मियों के लिए भावुक क्षण बन गया। बताते हैं कि थाना परिसर में पहली बार छठ गीतों की गूंज सुनाई दी, जिससे माहौल भक्तिमय हो उठा।

इंस्पेक्टर संजय शुक्ल अपने कर्तव्य के साथ-साथ धार्मिक एवं सामाजिक आयोजनों में सक्रिय भूमिका निभाने के चलते सोशल मीडिया पर हमेशा सुर्खियों में रहते हैं। इस अवसर की तस्वीरें और वीडियो भी तेजी से वायरल हो रही हैं, जिनकी क्षेत्र में व्यापक प्रशंसा हो रही है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि यह कदम पुलिस और जनता के बीच विश्वास व आस्था का सेतु मजबूत करने का उदाहरण है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *