उभांव ऑटो पलटने से एक की दर्दनाक मौत 6 लोग गंभीर रूप से घायल
बिल्थरारोड। उभांव थाना क्षेत्र के सिकंदरपुर मार्ग पर बुधवार को लगभग साढ़े ग्यारह बजे बेल्थरा बाजार गांव के समीप ऑटो का संतुलन बिगड़ने से गढ्ढे में पलट जाने के कारण एक महिला की मौत हो गयी तथा 6 लोग गम्भीर रूप से घायल हो गए। घायलों में एक कि स्थिति गम्भीर देख डॉक्टर ने रेफर कर दिया। घटना के संबंध में बताया जाता है कि उभांव थाना क्षेत्र के चंदाडीह गांव निवासी मोहन वर्मा अपनी पत्नी मुन्नी देवी 42 वर्ष के साथ 3 दिन पूर्व अपनी भांजी की शादी में शामिल होने के लिए चन्दायर गए हुए थे। शादी संपन्न हो जाने के बाद बुधवार को वह अपनी पत्नी व परिजनों के साथ लगभग 11:30 बजे ऑटो से वापस अपने घर आ रहे थे इसी बीच बेल्थराबाजार गांव के समीप अचानक ऑटो का संतुलन बिगड़ गया तथा सहित सड़क के किनारे गड्ढे में गाड़ी पलट गई। चीखपुकार सुनकर आसपास के लोग इकट्ठे हो गए। सभी घायलों को पहुंचाया गया। जहां चिकित्सकों ने जांच उपरांत मुन्नी देवी 42 वर्ष पत्नी मोहन वर्मा को मृत घोषित कर दिया वहीं गंभीर रूप से घायल खुशबू 26 वर्ष पुत्री स्वर्गीय राजाराम वर्मा की गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। रामावती 70 वर्ष पत्नी बलिराम वर्मा, कुसुम उम्र 32 वर्ष स्वर्गीय राजाराम, शिवांशु 5 वर्ष पुत्र विजय मौर्य, उमंग 11 वर्ष व अर्पिता पुत्री सुनील वर्मा को प्राथमिक इलाज के बाद छुट्टी दे दी गई। घटना से मृतक के परिवार में कोहराम मच गया है उसके दो बच्चे बताए जाते हैं उधर घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस घटनास्थल पहुंच गई ।


