5 वर्ष पूरे होने पर ब्लॉक प्रमुख आलोक कुमार सिंह ने 7 करोड़ की 82 विकास परियोजनाओं का किया लोकार्पण व शिलान्यास

बिल्थरारोड (बलिया)। सीयर ब्लॉक प्रमुख एवं जिला ब्लॉक प्रमुख संघ के अध्यक्ष आलोक कुमार सिंह के बतौर ब्लॉक प्रमुख पांच वर्ष का कार्यकाल पूर्ण होने के अवसर पर शनिवार को ब्लॉक परिसर में भव्य लोकार्पण एवं शिलान्यास समारोह आयोजित किया गया। इस दौरान लगभग 7 करोड़ रुपये की लागत से होने वाले 82 विकास कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया गया। इनमें 52 पूर्ण विकास कार्यों का लोकार्पण तथा 30 नई परियोजनाओं का शिलान्यास ब्लॉक प्रमुख आलोक कुमार सिंह एवं खंड विकास अधिकारी सूर्य प्रकाश ने संयुक्त रूप से किया।
कार्यक्रम के उपरांत आयोजित प्रेस वार्ता में ब्लॉक प्रमुख आलोक कुमार सिंह ने कहा कि पिछले पांच वर्षों में जनहित और विकास उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता रही। उन्होंने बताया कि क्षेत्र में स्वच्छता, जलनिकासी, सरकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, हाईमास्ट लाइट स्थापना तथा बुनियादी सुविधाओं के विस्तार पर विशेष कार्य किए गए।
उन्होंने बताया कि उभांव थाना, बेल्थरा रोड तहसील, जीएमएएम इंटर कॉलेज, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सीयर, श्याम सुंदरी बालिका इंटर कॉलेज सहित कई सरकारी संस्थानों में सामुदायिक शौचालयों का निर्माण कराया गया। वहीं जलनिकासी व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए कुण्डैल राजभर बस्ती, अमावें, रामपुर छावनी, राजपुर, जल्दीपुर तेलमा, तुर्तीपार धोबी टोला, अटवा राजभर बस्ती तथा बउल्डी सहित विभिन्न गांवों में लगभग 1650 मीटर लंबी नालियों का निर्माण कराया गया।
धार्मिक स्थलों के विकास का उल्लेख करते हुए उन्होंने बताया कि सोनाडीह स्थित भगेश्वरी माता मंदिर परिसर का सुंदरीकरण, मातु महारानी मंदिर में हाईमास्ट लाइट, मुजौना स्थित रामेश्वर महादेव मंदिर का सुंदरीकरण, दिगंबर बाबा स्थल एवं शाहपुर टिटिहा स्थित खाकी बाबा स्थान पर हाईमास्ट लाइट तथा अवायें स्थित दुर्गा मंदिर परिसर के सुंदरीकरण जैसे कई महत्वपूर्ण कार्य क्षेत्र पंचायत के माध्यम से कराए गए हैं।
जनप्रतिनिधियों की विश्वसनीयता से जुड़े प्रश्न पर ब्लॉक प्रमुख ने कहा कि अपने पूरे कार्यकाल में उन्होंने किसी से झूठा वादा नहीं किया और जो भी वादे किए, उन्हें पूरा करने का प्रयास किया।
इस अवसर पर एडीओ पंचायत मनोज कुमार सिंह, एपीओ रूपेश त्रिपाठी, आनंद सिंह, अभिषेक सिंह, अभिनव सिंह ‘चंदन’, प्रधान शक्ति सिंह, प्रधान बाउल यादव, सोनू यादव, देवनन्दन भारती, क्षेत्र पंचायत सदस्य ओंकार कुमार सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
