संदिग्ध परिस्थितियों में नवविवाहिता की मौत, कमरे में फंदे से लटकता मिला शव !
बिल्थरा रोड/उभाँव (बलिया):
उभाँव थाना क्षेत्र में बृहस्पतिवार शाम एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतका प्रियंका बताई जा रही है, जो अतरौली निकासी नगरा की रहने वाली थी। उसकी शादी बीते नवंबर 2025 में नगर पंचायत बिल्थरा रोड वार्ड नंबर 6 निवासी राजू मद्धेशिया पुत्र स्वर्गीय छेदी से हुई थी।
बताया जा रहा है कि राजू मद्धेशिया विदेश में रहकर नौकरी करते हैं और करीब एक महीने पहले ही दोबारा काम पर लौटे थे। दोपहर मे खाना खाने के बाद प्रियंका अपने कमरे में चली गई और मोबाइल स्विच ऑफ कर लिया।
काफी देर तक जब कोई हलचल नहीं हुई तो परिजनों ने दरवाजा खटखटाया, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। शक होने पर खिड़की से देखा गया तो प्रियंका फंदे से लटकी हुई मिली।
घटना की सूचना तुरंत सीयर चौकी प्रभारी को दी गई। मौके पर पुलिस पहुंच गई है और उच्च अधिकारियों को भी सूचित कर दिया गया है। फिलहाल पुलिस फॉरेंसिक टीम के पहुंचने का इंतजार कर रही है, ताकि घटना की गहन जांच की जा सके।
यह घटना बृहस्पतिवार शाम करीब 6 बजे की बताई जा रही है। किन परिस्थितियों में फांसी लगाई गई, यह जांच का विषय बना हुआ है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और हर पहलू को ध्यान में रखते हुए कार्रवाई की जा रही है।

