एचडीएफसी बैंक की नई शुरुआत: बेल्थरा रोड में बड़े शाखा भवन का शुभारंभ, पहुँचा 104 करोड़ बिजनेस क्लब में
बिल्थरारोड।
क्षेत्र में आधुनिक बैंकिंग सुविधाओं के तेजी से विस्तार को नई दिशा देते हुए एचडीएफसी बैंक ने बुधवार को अपने विस्तारित बड़े शाखा भवन का भव्य उद्घाटन किया। उपजिलाधिकारी शरद चौधरी ने फीता काटकर नई शाखा की शुरुआत की और बैंक के उत्कृष्ट कार्यों की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि एचडीएफसी देश का एकमात्र ऐसा बैंक है, जो विश्व के शीर्ष 10 बैंकों की सूची में अपनी जगह बनाए हुए है।



जोनल हेड मनीष टंडन ने बताया कि नौ वर्ष पहले छोटे स्तर पर शुरू हुई यह शाखा आज ग्राहकों के भरोसे और सहयोग से 104 करोड़ रुपये के बिजनेस तक पहुँच चुकी है। उन्होंने कहा कि इसी उपलब्धि को देखते हुए शाखा को बड़े रूप में तैयार किया गया है, ताकि लोगों को और बेहतर, तेज और उच्च स्तरीय सेवाएँ मिल सकें।
इस अवसर पर सपा के प्रदेश सचिव आद्या शंकर यादव और चेयरमैन प्रतिनिधि दिनेश कुमार गुप्ता भी मौजूद रहे। दोनों ने कहा कि जहाँ एसबीआई जैसे सरकारी बैंकों में व्यवहार और सेवा को लेकर शिकायतें मिलती रहती हैं, वहीं एचडीएफसी बैंक अपने प्रोफेशनल व्यवहार और त्वरित सेवाओं के कारण ग्राहकों की पहली पसंद बन चुका है।
नई शाखा के उद्घाटन के साथ ही क्षेत्रवासियों में उम्मीद जग गई है कि अब बैंकिंग सेवाएँ और अधिक सुविधाजनक, सुलभ और आधुनिक रूप में उपलब्ध होंगी।
