डिस्पेंसरी संचालिका की हत्या से सनसनी, भतीजा बाइक समेत लापताघर में खून से लथपथ मिला 35 वर्षीय महिला का शव, पुलिस जांच में जुटी!

नगरा (बलिया)। नगरा थाना क्षेत्र के गढ़वार मोड़ स्थित डिस्पेंसरी में मंगलवार देर रात एक महिला की हत्या से सनसनी फैल गई। डिस्पेंसरी संचालिका कंचन (35) का शव कमरे के अंदर खून से लथपथ हालत में मिला। घटना के बाद से उनका भतीजा बिट्टू उर्फ ओंकारेश्वर और उसकी बाइक भी लापता है।
बताया जा रहा है कि कंचन बसपा नेता सियाराम राम की पत्नी थीं और गढ़वार मोड़ पर डिस्पेंसरी चलाती थीं। मंगलवार रात वह अपने भतीजे के साथ डिस्पेंसरी पर मौजूद थीं। देर रात तक घर नहीं पहुंचने पर पति ने करीब साढ़े आठ बजे फोन किया, लेकिन कॉल रिसीव नहीं हुई।
परिजनों ने भतीजे के मोबाइल पर भी संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन उससे भी बात नहीं हो सकी। आशंका होने पर परिजन और आसपास के लोग डिस्पेंसरी पहुंचे। दरवाजा खोलने पर अंदर कंचन का शव खून से लथपथ पड़ा मिला।
सूचना मिलते ही नगरा पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। थाना प्रभारी संजय कुमार मिश्र पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। फोरेंसिक टीम ने भी मौके से साक्ष्य जुटाए।
पुलिस के अनुसार प्रथम दृष्टया मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है। घटना के बाद से भतीजे और उसकी बाइक के नहीं मिलने के कारण पुलिस उसकी तलाश में जुटी है। मामले की जांच आगे बढ़ने के साथ पुलिस जल्द ही घटना का खुलासा करने और संदिग्ध की गिरफ्तारी की बात कह रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *