नगरा बाजार में सर्राफा व्यवसायी व अवर अभियंता बिजली चेकिंग के दौरान आपस में भिड़ गए

बिल्थरारोड। नगरा बाजार में बिजली बिल वसूली व चेकिंग के दौरान कारोबारी व अवर अभियंता भीड़ गए। दोनो ने एक दूसरे पर मारपीट करने का आरोप लगाया है। सर्राफा कारोबारी ने मुख्यमंत्री के पोर्टल पर अवर अभियंता के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है वही अवर अभियंता ने नगरा थाने पहुंचकर कारोबारी के खिलाफ मारपीट का तहरीर दी है। जानकारी के अनुसार नगरा कस्बे के सराफा कारोबारी अमरेन्द्र बाबू की सराफा की दुकान व कुछ दूरी पर मकान भी है। सायंकाल विद्युत उपकेंद्र नगरा के अवर अभियंता कारोबारी की मकान पर पहुंचे और कारोबारी को दुकान से मकान पर बुलवा लिए। कारोबारी के पहुंचते ही बकाया बिल का पैसा मांगने लगे। कारोबारी का आरोप है कि बकाया बिल 31932 रू जमा है और मीटर चेक करने के बाद अवर अभियंता और रूपए की मांग करने लगे। इस पर दोनों के बीच कहा सुनी शुरू हो गई। कारोबारी का आरोप है कि कहासुनी के दौरान जे ई ने हाथ छोड़ दिया तब मैंने हाथ छोड़ा। घटना के बाद बाजार में भगदड़ मच गई। सूचना पर थानाध्यक्ष नगरा भी मौके पर पहुंच गए। घटना के बाद अवर अभियंता थाने पहुंचकर तहरीर दी। समाचार भेजे जाने तक मुकदमा दर्ज नहीं हुआ था। वहीं कारोबारी ने मुख्यमंत्री पोर्टल पर घटना की शिकायत दर्ज कराई। घटना से कारोबारियो में आक्रोश है। उप खण्ड अधिकारी बी बी राय ने बताया कि अवर अभियंता रूटीन चेकिंग में गए थे । उनका आरोप है कि कारोबारी द्वारा अवर अभियंता पर असलहा सटा दिए,अपशब्द कहे ।थाने पर घटना की तहरीर दे दी गयी है ।
