सांसद, ब्लाक प्रमुख व खण्ड विकास अधिकारी ने किया अमृत सरोवर का भूमि पूजन


बिल्थरारोड। गर्मी के मौसम में विशेष रूप से जून माह में जल का स्तर नीचे चले जाने के कारण कुछ क्षेत्रो में पीने के पानी के लाले पड़ जाते है। जिसको देखते हुए सरकार अमृत सरोवर योजना चलाकर जल संचय के लिए क्षेत्र में जलाशयों का निर्माण करा रही है। इस योजना के तहत सीयर ब्लाक के ग्रामसभा कुशहा भाड़ में बुधवार को सांसद रविन्द्र कुशवाहा, ब्लाक प्रमुख सीयर आलोक कुमार सिंह द्वारा अमृत सरोवर के निर्माण के लिए वैदिक मंत्रोच्चार के साथ भूमि पुजन के साथ खुदाई का कार्य प्रारंभ हो गया। इस अवसर पर सांसद रविन्द्र कुशवाहा ने कहा कि भविष्य को देखते हुए हम लोगो को जल का संचय करना बहुत ही आवश्यक है। अनावश्यक जल की हानि नही करनी चाहिए। हमारे यहा अभी तो जल स्तर की स्थिति ठीक है किंतु कुछ जगह ऐसे है जहाँ पर गर्मी के मौसम में पानी पीने के लिए नही मिल पाता है। बड़ी मुश्किल से पीने के पानी का प्रबंध होता है किंतु नहाने के पानी के लाले पड़ जाते। महानगरों में बारिश के पानी का जल संचय के लिए बड़े बड़े डेम बनाये जाते है। जिससे फिल्टर करके पीने का पानी तैयार किया जाता है। खण्ड विकास अधिकारी सीयर गजेन्द्र प्रताप सिंह ने कहा कि जल संकट को ध्यान में रखते हुए हमें जल संचय के लिए जागरूक होना पड़ेगा। सरकार भी इसके लिए अमृत सरोवर योजना का सूत्रपात करके हर गांव में पोखरे की खुदाई करा रही है। इस मौके पर ब्लाक प्रमुख आलोक सिंह, एपीओ कामेश्वर सिंह , ग्राम विकास अधिकारी मृत्युंजय कुमार राय, ग्राम प्रधान रामाधार, वीरेन्द्र यादव, अशोक कुशवाहा आदि मौजूद रहे।
