बलिया में थाने के दो सिपाही सस्पेंड मुकदमा पंजीकृत! पढ़ें पूरा मामला

पुलिस अधीक्षक विक्रांत वीर ने नरही थाने के दो सिपाहियों को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया है। इन दोनों सिपाहियों पर एक व्यक्ति से डरा धमकाकर वसूली करने का आरोप है, जो प्रथम दृष्टया सही पाया गया है। यही नहीं, दोनों सिपाहियों के खिलाफ पीड़ित की तहरीर मुकदमा भी पंजीकृत किया जा रहा है।अन्य विधिक कार्यवाही प्रचलित है।
ज्ञात हो कि नरही थाना क्षेत्र के भरौली निवासी रुदल यादव पुत्र हरेन्द्र यादव का एक वीडियो बुधवार को सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। वायरल वीडियो में रुदल यादव नरही थाने के दो सिपाहियों पर डरा धमकाकर एक लाख रूपये वसूली का आरोप लगाते नजर आ रहे है। रूदल द्वारा यह भी आरोप लगाया गया है कि 25 नवम्बर 2024 को वह अपने खेत में काम कर रहे थे, तभी नरही थाने पर कार्यरत कांस्टेबल कौशल पासवान व श्रषिलाल बिन्द पहुंचे और उनको उठाकर थाना पर ले गए।
थाने पर बैरक में ले जाकर सिपाहियों ने उन्हें संगीन मामलों में फंसाने की धमकी देकर एक लाख रूपये की वसूली की। उधर, मामले का संज्ञान लेते हुए पुलिस अधीक्षक विक्रांत वीर ने तत्काल क्षेत्राधिकारी सदर से जांच कराई। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि जांच में प्रथम दृष्टया दोनों आरक्षियों की संलिप्तता पायी गयी, इसको देखते हुए दोनों आरक्षियों को कर्तव्य के प्रति घोर लापरवाही, उदासीनता एंव अनुशासनहीनता बरतने के आधार पर तत्काल प्रभाव से निलम्बित किया गया है। इनके खिलाफ मुकदमा भी किया जा रहा है।
