शव पहुँचते ही परिजनों में मचा कोहराम, पोस्टमार्टम हाउस से घर पर उमड़ी भारी भीड़ !


10 थानाध्यक्ष और 2 सीओ समेत कई थानों की पुलिस फोर्स रही तैनात
बिल्थरारोड। उभांव थाना क्षेत्र के शाहुनपुर गांव के समीप मंगलवार को बदमाशों की गोली से घायल शिक्षक देवेन्द्र यादव की इलाज के लिए वाराणसी ले जाते समय मौत हो गई। बुधवार को पोस्टमार्टम के बाद जैसे ही शव उनके घर पहुँचा, परिजनों में कोहराम मच गया और शव देखने के लिए भारी भीड़ जुट गई। स्थिति को देखते हुए 10 थानाध्यक्ष और 2 सीओ समेत कई थानों की पुलिस फोर्स तैनात रही।
प्रधानाध्यापक थे दिवंगत शिक्षक
नगर के वार्ड नम्बर 11 यादव नगर निवासी देवेन्द्र यादव (57 वर्ष) पुत्र स्व. सागर यादव, देवरिया जिले के शिक्षा क्षेत्र लार के प्राथमिक विद्यालय भरौली में प्रधानाध्यापक के पद पर कार्यरत थे।
दिनदहाड़े 400 मीटर दूर हुई वारदात
मंगलवार को विद्यालय बन्द होने के बाद देवेन्द्र यादव अपनी सहयोगी शिक्षिका कंचन सिंह, जो वार्ड नम्बर 8 बीबीपुर की निवासी और सहायक अध्यापक हैं, के साथ बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान उभांव थाने से महज 400 मीटर दूर शाहुनपुर गांव के पास पहले से घात लगाए अपाची सवार तीन नकाबपोश बदमाशों ने उनकी बाइक रोक ली।
चैन लूटने के बाद की फायरिंग
बदमाशों ने शिक्षक व शिक्षिका का सोने की चैन छीन लिया। विरोध करने पर उन्होंने तमंचे से फायरिंग कर दी, जिसमें देवेन्द्र यादव के जबड़े और बांह में गोली लगी और वह गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़े। कंचन सिंह भी सड़क पर गिर गईं। मौका पाकर बदमाश फरार हो गए।
डॉक्टरों ने किया वाराणसी रेफर
स्थानीय लोगों ने घायल शिक्षक व शिक्षिका को सीएचसी सीयर पहुँचाया। वहाँ से डॉक्टरों ने हालत गंभीर देखते हुए रेफर कर दिया। इलाज के लिए वाराणसी ले जाते समय रास्ते में ही देवेन्द्र यादव ने दम तोड़ दिया।
डीआईजी और एसपी मौके पर पहुँचे
घटना की सूचना मिलते ही डीआईजी सुनील कुमार सिंह और एसपी ओमवीर सिंह बेल्थरारोड पहुँचे। उन्होंने मृतक के घर पर जाकर परिजनों को ढांढस बंधाया और शिक्षिका से घटना की जानकारी ली। अधिकारियों ने बताया कि पुलिस की 4 टीमें बनाकर बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए गहनता से छापेमारी की जा रही है।
विधायक भी पहुँचे अंतिम यात्रा में
बुधवार को पोस्टमार्टम के बाद शव जैसे ही घर पहुँचा, परिजनों में चीख-पुकार मच गई। शव यात्रा में बैरिया विधायक जयप्रकाश अंचल भी शामिल हुए।
दहशत में लोग, आधा दर्जन थानों की फोर्स तैनात
घटना के बाद से ही लगभग आधा दर्जन थानों की पुलिस फोर्स इलाके में तैनात है। क्षेत्र में आये दिन हो रही चोरी और छिनैती की घटनाओं से लोगों में दहशत व्याप्त है।
