बलिया शिक्षक हत्याकांड: समाजवादी पार्टी ने की कड़ी निंदा, दोषियों पर कठोर कार्रवाई की मांग

बलिया। उभांव थाना क्षेत्र के शाहुनपुर गांव के समीप शिक्षक स्व. देवेन्द्र यादव की जघन्य हत्या को लेकर समाजवादी पार्टी ने गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए घटना की कड़ी निंदा की है। पार्टी ने स्पष्ट कहा कि दोषियों को तत्काल गिरफ्तार कर कठोरतम सजा दी जाए। साथ ही पीड़ित परिवार को न्यायसंगत मुआवजा एवं सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की गई।

आज बलिया के पोस्टमार्टम हाउस पर पहुंचे समाजवादी पार्टी के प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस अधीक्षक बलिया से मुलाकात की और हत्यारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। इस दौरान पुलिस अधीक्षक ने आश्वासन दिया कि अपराधियों को जल्द गिरफ्तार कर उनके विरुद्ध कठोरतम कार्रवाई की जाएगी।

इस दुखद घड़ी में समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष एवं फेफना विधायक संग्राम सिंह यादव, प्रदेश सचिव व पूर्व जिलाध्यक्ष आद्याशंकर यादव, पूर्व जिलाध्यक्ष विश्राम यादव, जिला महासचिव बीरबल राम सहित पार्टी के अनेक वरिष्ठ नेता एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी ने पीड़ित परिवार को हर संभव सहयोग और न्याय दिलाने का भरोसा दिलाया।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *