हल्दीरामपुर ग्रामसभा के वर्तमान ग्रामप्रधान की जांच करने पहुँची जांच टीम के सामने ग्रामीणों ने पूर्व प्रधान पर ही आवास के नाम पर पैसा लेने का लगाया आरोप

बिल्थरारोड। सीयर ब्लाक के ग्रामसभा हल्दीरामपुर में वर्तमान प्रधान अनन्तदेव सिंह टाइगर के खिलाफ किये गए शिकायत पर जांच करने पहुँची जांच टीम के सामने शिकायतकर्ता पूर्व ग्रामप्रधान राजाराम पर ही ग्रामीणों ने आवास के नाम पर 10 हजार रुपये लेने का आरोप लगाते हुए जमकर हो हल्ला किया। ज्ञात हो कि पूर्व ग्राम प्रधान राजाराम राजभर द्वारा वर्तमान ग्रामप्रधान अनन्तदेव सिंह टाइगर पर ग्रामसभा में कराए गए कार्यो में धांधली कर सरकारी धन आहरण करने का आरोप लगाते हुए इसकी शिकायत जिलाधिकारी व अन्य अधिकारियों से किया गया था। शुक्रवार को मत्स्य विभाग के कार्यकारी अधिकारी विकास मिश्रा के नेतृत्व में जांच करने हल्दीरामपुर के नरला में पहुँची टीम के सामने ही वहाँ मौजूद शिकायतकर्ता पूर्व ग्रामप्रधान राजाराम राजभर पर ही कई ग्रामीणों ने आवास के नाम पर 10 हजार रुपये लेने की बात कहते हुए हो हल्ला करने लगे। इस दौरान वर्तमान ग्रामप्रधान अनन्तदेव सिंह टाइगर ने पूर्व प्रधान का बचाव करते हुए ग्रामीणों से यह बात कहने से मना किया। जांच के उपरांत बारिश तेज होने पर जांच अधिकारी वापस चले गए। इस सम्बंध में जांच अधिकारी विकास मिश्रा ने बताया कि वर्तमान प्रधान के खिलाफ की गई शिकायत की जाँच की प्रक्रिया चल रही है अभी एक दो दिन और लगेगा।
