बेल्थरा रोड–सिकंदरपुर मार्ग पर भीषण सड़क हादसा, आमने-सामने भिड़ीं दो बाइकें, चार युवक गंभीर

बेल्थरा रोड (बलिया)। उभांव थाना क्षेत्र के सहिया गांव के सामने बेल्थरा रोड–सिकंदरपुर मार्ग पर शुक्रवार को दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में दोनों बाइकों पर सवार चार युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायलों में सिकंदरपुर थाना क्षेत्र के डूहा बिहरा निवासी अमन गोंड (22) पुत्र दया गोंड एवं सतीश गोंड (21) तथा उभांव थाना क्षेत्र के हल्दीरामपुर गांव के नरला निवासी अनिल तिवारी (34) और मोनू यादव (27) शामिल हैं।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सीयर पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद चारों की हालत गंभीर देखते हुए बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई में जुट गई। हादसे के कारण कुछ देर तक मार्ग पर आवागमन भी प्रभावित रहा।
